टीएमबीयू में स्नातक नामांकन की तिथि बढ़ी, अब 14 जून तक प्रथम मेधा सूची से होगा दाखिला
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 11 Jun 2026 1:28 PM
विज्ञापन
TMBU UG Admission 2026 : स्नातक में नामांकन से वंचित छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय ने प्रथम मेधा सूची से नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 जून कर दी है. विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि बढ़ी हुई अवधि में अधिक छात्र-छात्राएं नामांकन कराएंगे. वहीं कई कॉलेजों में नामांकन की धीमी रफ्तार और नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में दाखिले नहीं होने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन भी चिंतित नजर आ रहा है.
विज्ञापन
भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट
Bhagalpur News : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के स्नातक सत्र 2026-30 सेमेस्टर-वन में प्रथम मेधा सूची के आधार पर नामांकन की तिथि बढ़ा दी गई है. पहले नामांकन की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 14 जून कर दिया गया है. विश्वविद्यालय में आयोजित नामांकन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रथम मेधा सूची में चयनित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अब तक नामांकन नहीं कराया है, जिसके कारण यह फैसला लिया गया.23 हजार चयनित, लेकिन सिर्फ 11 हजार ने कराया नामांकन
टीएमबीयू द्वारा जारी प्रथम मेधा सूची में 23 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन किया गया था. हालांकि निर्धारित अवधि के दौरान अपेक्षा के अनुरूप नामांकन नहीं हो सका. विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 11 हजार छात्र-छात्राओं ने ही विभिन्न कॉलेजों में दाखिला लिया है. कम नामांकन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को एक और अवसर देने का निर्णय लिया है. इसके तहत अब छात्र 14 जून तक उसी मेधा सूची के आधार पर संबंधित कॉलेजों में नामांकन करा सकेंगे.कॉलेजों को भेजा गया निर्देश
विश्वविद्यालय के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि सभी संबद्ध कॉलेजों को बढ़ी हुई तिथि के अनुसार नामांकन लेने के लिए आधिकारिक पत्र भेज दिया गया है. साथ ही कॉलेज प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो. विश्वविद्यालय का मानना है कि अतिरिक्त समय मिलने से कई ऐसे छात्र-छात्राएं भी दाखिला ले सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित तिथि तक नामांकन नहीं करा पाए थे.समर्थ पोर्टल पर अपडेट नहीं कर रहे कॉलेज
नामांकन प्रक्रिया के दौरान एक और बड़ी समस्या सामने आई है. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अधिकांश कॉलेज नामांकन की दैनिक रिपोर्ट समर्थ पोर्टल पर अपडेट नहीं कर रहे हैं. जबकि पूर्व में सभी कॉलेजों को निर्देश दिया गया था कि प्रत्येक दिन नामांकन की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाए. कुछ कॉलेजों को छोड़कर अधिकांश संस्थानों ने अब तक यह कार्य नहीं किया है. इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने नाराजगी जताई है और कॉलेजों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.डीएसडब्ल्यू ने पहले ही जारी किया था निर्देश
विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू प्रो. अर्चना साह ने तीन दिन पहले सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र भेजकर समर्थ पोर्टल पर नामांकन संबंधी जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद कई कॉलेजों द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किए जाने से नामांकन की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में कठिनाई हो रही है. विश्वविद्यालय प्रशासन अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेजों से जवाब तलब करने की तैयारी में है.नवस्थापित कॉलेजों में नहीं खुला नामांकन का खाता
टीएमबीयू अंतर्गत भागलपुर के छह और बांका जिले के चार नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में अब तक नामांकन प्रक्रिया अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी है. स्थिति यह है कि कुछ कॉलेजों में एक भी छात्र ने नामांकन नहीं कराया है. विश्वविद्यालय ने इन कॉलेजों के लिए 60 से अधिक विद्यार्थियों का चयन प्रथम मेधा सूची में किया था. बावजूद इसके गारोडीह, गोपालपुर, इस्माईलपुर, अमरपुर और बेलहर स्थित नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में अब तक एक भी दाखिला नहीं हुआ है.कुछ कॉलेजों में सीमित संख्या में हुए दाखिले
विश्वविद्यालय के अनुसार, रंगरा चौक स्थित डिग्री कॉलेज में 17, पीरपैंती में 20, गोपालपुर में 14 तथा खरीक में 12 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है. नवस्थापित कॉलेजों में कम दाखिले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन कारणों की समीक्षा कर रहा है. शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आधारभूत सुविधाओं, जागरूकता और परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण छात्र इन कॉलेजों में दाखिला लेने से हिचक रहे हैं. अब विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि बढ़ी हुई नामांकन अवधि से इन कॉलेजों में भी छात्रों की संख्या बढ़ेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










