Bhagalpur news तीन श्रद्धालु गंगा में डूबे, महिला का शव बरामद

नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत परवत्ता थाना क्षेत्र के महादेवपुर घाट पर गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान अलग-अलग समय में एक महिला सहित तीन श्रद्धालुओं के डूबने घटना सामने आयी है.
नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत परवत्ता थाना क्षेत्र के महादेवपुर घाट पर गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान अलग-अलग समय में एक महिला सहित तीन श्रद्धालुओं के डूबने घटना सामने आयी है. जानकारी के अनुसार, मधेपुरा नगर परिषद के आनंद बिहार वार्ड दो के स्वर्गीय चंद्रिशोर प्रसाद यादव की पत्नी नूतन देवी सुबह 10 बजे गंगा स्नान करने महादेवपुर घाट पहुंची थीं. स्नान के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गयी, जिससे उनकी डूब कर मौत हो गई. आसपास मौजूद लोगों की नजर जब उन पर पड़ी, तो तत्काल एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गयी. मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर घाट के समीप से ही नूतन देवी का शव बरामद कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतका अपने पीछे दो पुत्र आशीष कुमार और अंशु कुमार को छोड़ गयी हैं. महिला जीविका समूह से जुड़ कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं. शाम के समय गंगा स्नान के दौरान दो अन्य श्रद्धालु डूब गये. इनमें सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर के सुभाष यादव का पुत्र प्रतीक राज(16) तथा अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के खजुरी के आनंद मंडल का पुत्र ललन मंडल (30) शामिल हैं. शाम होने से एसडीआरएफ की टीम तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं चला सकी. दोनों लापता श्रद्धालुओं की तलाश के लिए गुरुवार को एसडीआरएफ की ओर से सर्च अभियान चलाया जायेगा. स्थानीय लोगों के अनुसार महादेवपुर घाट पर आवागमन सुगम होने से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में दूर-दूर से श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचते हैं. घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं है. घाट पर न तो समुचित स्लोप बनाया गया है और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गयी है. अचानक गहराई होने के कारण स्नान करने वाले लोग अनजाने में गहरे पानी में चले जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बैरिकेडिंग कराने और सुरक्षित स्नान के लिए समुचित ढांचा तैयार करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




