फुलवरिया के शिव-पार्वती मंदिर में लाखों की चोरी, चांदी के नाग-मुकुट समेत कई सामान गायब

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 28 May 2026 1:30 PM

विज्ञापन

Bhagalpur News : भागलपुर के फुलवरिया गांव में स्थित शिव-पार्वती एवं हनुमान मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. गुरुवार सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला. अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए.

विज्ञापन

जगदीशपुर, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट

Bhagalpur News : जगदीशपुर अनुमंडल के बाइपास थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया गांव स्थित शिव-पार्वती एवं हनुमान मंदिर में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर मंदिर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया.

चांदी और पीतल के कई सामान चोरी

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. जब अंदर जाकर देखा गया तो मंदिर से चांदी के नाग, मुकुट, गदा, कंगन, काढ़ा, झांझ, चामर, शंख, घड़ीघंट समेत चांदी और पीतल के कई बर्तन गायब थे.स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में छानबीन की.बाद में डीएसपी विधि-व्यवस्था नवनीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

संदिग्ध युवकों से पूछताछ पर बढ़ा तनाव

मामले की जांच के दौरान पुलिस कुछ संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई. इस कार्रवाई का परिजनों ने विरोध किया.परिजनों का कहना था कि पूछताछ के लिए ले जाए गए युवक निर्दोष हैं. विरोध करने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं. मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.

एहतियातन बुलानी पड़ी अतिरिक्त पुलिस

स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस और वज्र वाहन भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस प्रशासन ने लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया.बाईपास थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि मंदिर चोरी मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का प्रयास किया जाएगा.

गांव में दहशत और आक्रोश

मंदिर में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन