bhagalpur news. श्रीराम भव्य शोभायात्रा से गूंजा शहर, अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Published by : ATUL KUMAR Updated At : 27 Mar 2026 12:24 AM

विज्ञापन

सुलतानगंज में रामनवमी पर गुरुवार को अजगैवीनाथ धाम युवा समिति की ओर से कृष्णगढ़ मोड़ से भव्य श्रीराम शोभायात्रा निकाली गई

विज्ञापन

सुलतानगंज में रामनवमी पर गुरुवार को अजगैवीनाथ धाम युवा समिति की ओर से कृष्णगढ़ मोड़ से भव्य श्रीराम शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए, जबकि शहर के मुख्य मार्गों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा. शोभायात्रा में शामिल युवाओं ने हाथों में ध्वजा लेकर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया. बाजा-गाजा के साथ निकली यात्रा में युवाओं का उत्साह चरम पर रहा. शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते वापस कृष्णगढ़ मोड़ स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में देर शाम आकर समाप्त किया गया.

झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, बजरंगबली की आकर्षक प्रतिमा के साथ कई झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं. बाबा अजगैवीनाथ मंदिर के अलावा सुलतानगंज स्टेशन खुदाई में मिली भगवान बुद्ध की प्रतिमा (जो इंग्लैंड बर्मिघम संग्रहालय में है 500 किलो तांबा का वजनी मूर्ति) का प्रतिरूप भी निकाला गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी. ध्वजागली स्थित मूंछ वाले महावीर मंदिर के समीप हनुमान चालीसा का पाठ कराया गया. वहीं, विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शर्बत-पानी की व्यवस्था की गई. घोड़े, बाइक, ट्रैक्टर पर सजी झांकियों और जय श्रीराम के नारों के बीच निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे सुलतानगंज को भक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया. शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर शहर की बिजली करीब तीन घंटे तक काट दी गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. यात्रा समाप्त होने के बाद बिजली बहाल की गई.

कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुआ आयोजन

शोभायात्रा के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा. थानाध्यक्ष सायम रजा, मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू, बीडीओ संजीव कुमार, पुलिस निरीक्षक मृत्युंजय कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे. अजगैवीनाथ धाम युवा समिति के सदस्य स्वप्निल झा, सन्नी चौधरी, गुलशन सिंह राठौर, अखिलेश सिंह, अनूप चौधरी, निलेश जायसवाल, ऋषभ केशान, रंजन दुबे, बलराम कुमार, अतुल भारती सहित अन्य युवाओं ने शोभायात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में तत्पर देखे गये. शोभायात्रा में सांसद प्रतिनिधि पवन केसान आदि मौजूद थे.

विज्ञापन
ATUL KUMAR

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन