Bhagalpur news कृष्णानंद स्टेडियम में बनेगा टेरेस हेलीपैड, ग्लास ब्रिज की योजना पर लगी मुहर

Updated at : 07 Apr 2026 11:17 PM (IST)
विज्ञापन
Bhagalpur news कृष्णानंद स्टेडियम में बनेगा टेरेस हेलीपैड, ग्लास ब्रिज की योजना पर लगी मुहर

सुलतानगंज शहर के समग्र विकास को लेकर मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक में एक के बाद एक बड़े और दूरगामी फैसलों पर मुहर लगी.

विज्ञापन

सुलतानगंज शहर के समग्र विकास को लेकर मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक में एक के बाद एक बड़े और दूरगामी फैसलों पर मुहर लगी. सबसे अहम निर्णय कृष्णानंद स्टेडियम को हाईटेक मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित कर वहां टेरेस हेलीपैड बनाने का रहा, जिस पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

हेलीपैड स्टेडियम बनेगी नयी पहचान

मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने बताया कि कृष्णानंद स्टेडियम अब सिर्फ खेल का मैदान नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउद्देश्यीय केंद्र बनेगा. योजना के तहत पुरानी गैलरी हटाकर ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें व गैलरी, प्रथम तल पर पुरुष-महिला जिम, द्वितीय तल पर अतिथि कक्ष और तीसरे तल पर टेरेस हेलीपैड का निर्माण होगा. खिलाड़ियों के लिए वेलवेट ट्रैक भी बनाया जायेगा. यह हेलीपैड बनने से वीआईपी आवागमन में हर बार अस्थायी व्यवस्था की जरूरत खत्म होगी और शहर को स्थायी सुविधा मिलेगी.

अजगैवीनाथ में ग्लास ब्रिज से बढ़ेगा पर्यटन

श्रावणी मेला से पहले अजगैवीनाथ मंदिर क्षेत्र में करीब पांच करोड़ की लागत से ग्लास ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव पास किया गया. यह परियोजना सुलतानगंज को धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करेगी. स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में हाईटेक सफाई उपकरणों को मंजूरी दी गयी. चार करोड़ की सुपर सकर मशीन, एक करोड़ की रोड स्वीपिंग मशीन और 50 लाख की स्काई लिफ्टर मशीन खरीदी जायेगी. अब टू-बिन की जगह फोर-बिन सिस्टम लागू होगा, जिसमें सूखा, गीला, नैपकिन और मेडिकल कचरे का अलग-अलग निस्तारण किया जायेगा.

जमीनी समस्याओं पर ठोस कार्रवाई

शहर की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए कई फैसले लिये गये. जर्जर जलमीनार को हटा कर नये जलमीनार का निर्माण, चुड़ी मंडी का पुनर्निर्माण, सभी वार्डों में खराब चापाकलों की मरम्मत, नल-जल योजना के रखरखाव के लिए एजेंसी से मैनपावर तैनाती, जलजमाव व पाइप लीकेज की समस्या का त्वरित समाधान पर निर्णय लिया गया.

टैक्स वसूली में रिकॉर्ड, अब 15% असेसमेंट बढ़ेगा

नगर परिषद ने टैक्स वसूली में बड़ी उपलब्धि हासिल कर 1.51 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 5.76 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की है. मुख्य पार्षद ने बताया कि 13 वर्षों से लंबित होल्डिंग टैक्स असेसमेंट को लेकर अब 30% के बजाय 15% वृद्धि का संतुलित निर्णय लिया गया है. अब शहर को नयी संरचना मिलेगी, जिसमें नगर के तीनों प्रवेश द्वारों का निर्माण (मेला से पहले पूरा होने की संभावना), लावारिस पशुओं की रोकथाम के लिए विशेष वाहन क्रय, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन, भवन ध्वस्तीकरण के लिए एनओसी अनिवार्य, 44 मैनपावर की नियुक्ति कर कार्यादेश जारी का प्रस्ताव लिया गया. मुख्य पार्षद की अध्यक्षता में हुई बैठक में 11 अहम एजेंडों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिये गये. बैठक में इओ कृष्ण भूषण कुमार, उपसभापति नीलम देवी, विधान पार्षद प्रतिनिधि सन्नी कुमार, प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी, टाउन प्लानर सुषमा शिल्पी, स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भगत समेत सभी पार्षद व कार्यालय कर्मी मौजूद थे.

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन