ePaper

bhagalpur news. बौंसी आरओबी निर्माण के लिए टेंडर फाइनल, अगले माह से शुरू होगा काम

Updated at : 11 May 2025 10:10 PM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur news. बौंसी आरओबी निर्माण के लिए टेंडर फाइनल, अगले माह से शुरू होगा काम

बौंसी रेल पुल फ्लाईओवर.

विज्ञापन

– भोलानाथ फ्लाइओवर से नया फ्लाइओवर होगा कनेक्ट, जाम और जलजमाव से मिलेगा छुटकारावरीय संवाददाता, भागलपुर

दक्षिणी शहर के लिए दूसरा फ्लाइओवर ब्रिज का निर्माण के लिए टेंडर फाइनल हो गया है और एजेंसी बहाली की प्रकिया पूरी हो गयी है. यह शीतला स्थान चौक से गोराडीह मार्ग में कुछ दूर स्थित बौंसी रेल पुल संख्या-2 पर बनेगा. आरओबी निर्माण का ठेका देवघर की एजेंसी हरदेव कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड मिला है.दक्षिणी शहर में बनने वाले दोनों फ्लाइओवर एक दूसरे से जुड़ेंगे. गोराडीह में बनने वाले बस अड्डे से रेलवे स्टेशन पहुंचना आसान हो जायेगा. शीतला स्थान चौक से गोराडीह रोड में बौंसी रेल संख्या-2 पर फ्लाइओवर बनेगा. फरवरी में प्रगति यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने आधारशिला रखी थी. तब एजेंसी चयन और एलओए प्रक्रिया के बाद फ्लाइओवर बनने की जानकारी दी गयी थी.

दरअसल, तीन ठेका एजेंसियों ने टेंडर भरा था, जिसमें देवघर की हरदेव कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, पटना की आद्याराज डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड एवं बेगूसराय की हरि कंस्ट्रक्शन एंड एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल है. उक्त तीनों एजेंसियां टेक्निकल बिड में सफल हुई थी. देवघर की हरदेव कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड का बिड रेट सबसे कम रहने की वजह से चयन कर लिया गया है. इसके साथ ही आरओबी के निर्माण का रास्ता साफ हो गया. इसके बनने से दक्षिणी शहर वासियों के लिए रास्ता आसान हो जायेगा. बौंसी रेल पुल के अंडरपास में जलजमाव का सामना नहीं करना पड़ेगा. अप्रोच रोड समेत आरओबी का निर्माण होगा.

टेंडर वेल्यू से 17.51 प्रतिशत कम राशि में बनायेगा आरओबी

देवघर की ठेका एजेंसी हरदेव कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने टेंडर वेल्यू से 17.51 प्रतिशत कम रेट भरा था. यानी, 17.51 प्रतिशत कम यानी 66 करोड़ 96 लाख 20 हजार 824 रुपये में आरओबी बनायेगा. इस प्रोजेक्ट का टेंडर वेल्यू 81 करोड़ 17 लाख 60 हजार रुपये निर्धारित था. वहीं, इसके प्रतिद्वंदी हरि कंस्ट्रक्शन एंड एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 6.31 प्रतिशत कम रेट भरा था, जिसकी वजह से टेंडर से छंट गया.

इंजीनियरों ने किया स्थल निरीक्षण, अगले माह से शुरू होगा निर्माण

टेंडर फाइनल होने के साथ पुल निर्माण निगम ने स्थल का निरीक्षण किया. अभियंताओं ने कहा कि (एलओए) लेटर ऑफ ऑथराइजेशन जारी होने के बाद काम शुरू करा देंगे. पुल निर्माण निगम के अभियंताओं ने बताया कि इसी माह एलओए जारी होगा, जिससे अगले माह तक निर्माण शुरू कर दिया जायेगा.

जारी होगा वर्क ऑर्डर, 30 माह में ओवर ब्रिज का निर्माण करना होगा अनिवार्य

पुल निर्माण निगम के इंजीनियर के अनुसार टेंडर फाइनल हो चुका है. सोमवार को पटना में बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें अंतिम मुहर लगेगी. फिर कार्यालय को चिट्ठी आयेगी. उसके बाद दो सप्ताह में बिल जमा कराया जायेगा. इस प्रक्रिया के बाद एग्रीमेंट होगा. जिसके बाद वर्क आर्डर जारी कर दिया जायेगा. फिर एजेंसी अपना प्लांट लगायेगी. चयनित एजेंसी को ओवर ब्रिज का निर्माण 30 महीने में करना अनिवार्य होगा. बताया कि करीब पांच एकड़ तक जमीन भी अधिग्रहित होनी है.

713.8 मीटर लंबा बनेगा ओवर ब्रिज, रेलवे को स्वीकृति के लिए भेजी गयी जीएडी

पुल निर्माण निगम ने फ्लाइओवर निर्माण के लिए जनरल असेसमेंट ड्राइंग (जीएडी) तैयार कर ली है और स्वीकृति के लिए रेलवे को भी भेज दी है. फ्लाइओवर की लंबाई 713.8 मीटर होगी. पुल निर्माण निगम भोलानाथ फ्लाइओवर से नये फ्लाइओवर को कनेक्टीविटी देगा. इससे लोगों को जाम से छुटकारा मिल जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
KALI KINKER MISHRA

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन