IIIT Bhagalpur: बीटेक 2026-30 सत्र के नए विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम, डीएम ने दिया सफलता का मंत्र
ट्रिपल आइटी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करतीं डीएम | Prabhat Khabar Network
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) ने बीटेक 2026-30 सत्र के नए विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन-कम-इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया. डीएम अलंकृता पांडेय ने सफलता के लिए सही दिशा और संस्कारों पर जोर दिया.
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में बीटेक 2026-30 सत्र में नामांकित नए विद्यार्थियों के स्वागत और मार्गदर्शन के लिए बुधवार को ओरिएंटेशन-कम-इंडक्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को संस्थान के अकादमिक माहौल, कैंपस लाइफ, संस्थागत मूल्यों और यहां मिलने वाले सुनहरे अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी देना था. कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति और अनुशासन से भर दिया.
आपके शहर में
सही दिशा और संस्कार से मिलती है सफलता: डीएम
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित डीएम अलंकृता पांडेय ने अपने बीटेक के दिनों के शैक्षणिक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए. उन्होंने नवनामांकित छात्रों से अपील की कि वे अपने कॉलेज जीवन को पूरी गंभीरता, आत्मविश्वास और एक स्पष्ट उद्देश्य के साथ जिएं. डीएम ने कहा कि जीवन में हमेशा सही दिशा का चुनाव करना सबसे महत्वपूर्ण है. सफलता केवल अच्छे नंबर या अकादमिक परिणाम हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सही समय पर सही निर्णय लेने, अच्छे संस्कार विकसित करने और अपने निर्धारित लक्ष्य पर लगातार केंद्रित रहने से प्राप्त होती है.
शोध व नवाचार में आगे आएं छात्र: प्रो. मधुसूदन सिंह
ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो. मधुसूदन सिंह ने नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि संस्थान में प्रवेश वास्तव में सीखने, नवाचार, नई खोज और व्यक्तित्व विकास की एक नई यात्रा की शुरुआत है. उन्होंने छात्रों को बड़े सपने देखने, जिज्ञासु बने रहने और लगातार नया सीखने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया. निदेशक ने जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल कक्षा की पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संस्थान में उपलब्ध विशेषज्ञ शिक्षकों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और संसाधनों का लाभ उठाते हुए शोध, नवाचार और विभिन्न प्रोजेक्ट्स में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए.
करियर के लिए व्यावसायिक दक्षता और अनुशासन जरूरी
इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बिमलेश कुमार और एनटीपीसी कहलगांव के हेड ऑफ प्रोजेक्ट रवींद्र कुमार शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए एक सफल करियर के लिए आवश्यक मूल मंत्र दिए. दोनों अतिथियों ने व्यावसायिक दक्षता, अनुशासन, नवाचार और तेजी से बदलती तकनीकी परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की.
अकादमिक नियमों और कैंपस लाइफ से कराया गया अवगत
इस अवसर पर डीन डॉ. हिमाद्री नायक ने विद्यार्थियों को अकादमिक अध्यादेश, संस्थान के नियम-कायदे और महत्वपूर्ण शैक्षणिक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया. उन्होंने छात्रों से ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा. वहीं, रजिस्ट्रार सह छात्र कल्याण के एसोसिएट डीन डॉ. धीरज कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को कैंपस जीवन की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने छात्र गतिविधियों, विभिन्न क्लबों व बोर्ड्स, पाठ्येतर गतिविधियों और वित्तीय सहायता से जुड़ी सुविधाओं के बारे में बताया, ताकि छात्र इनका लाभ उठाकर अपने कैंपस जीवन को सार्थक बना सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आरफीन जुबैर
आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








