बिहार के इन जिलों में दक्षिण-पश्चिम माॅनसून का आगमन, IMD ने बताया औसत से 104 प्रतिशत होगी बारिश
Published by : Paritosh Shahi Updated At : 17 Jun 2025 8:41 PM
Bihar Monsoon 2025: 17 जून को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगमन से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में किसानों व आम लोगों को बड़ी राहत मिली है. धान की खेती की तैयारी में जुटे किसानों में उत्साह है, वहीं रिमझिम बारिश ने गर्मी और उमस से परेशान लोगों को सुकून दिया है.
Bihar Monsoon 2025: दक्षिण-पश्चिम माॅनसून का आगमन 17 जून को भागलपुर समेत पूर्व बिहार, कोसी, सीमांचल व संथाल परगना के अधिकांश जिलों में हो गया है. जिन इलाकों में मॉनसून पहुंचा है, वहां की 90 फीसदी आबादी कृषि व पशुपालन पर आधारित है. मॉनसून के आने से जहां धान समेत अन्य खरीफ फसलों की खेती की तैयारी में जुटे किसानों के बीच खुशी की लहर है. वहीं भीषण गर्मी व उमस झेल रही आबादी को रिमझिम फुहारों से राहत मिली है.
मंगलवार को आसमान में दिन भर काले घने बादल उमड़ते रहे. सुबह व शाम के समय तीन मिलीमीटर हल्की बारिश हुई. वहीं जिले में 18-22 जून के दौरान मध्यम वर्षा, गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है. अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री रह सकता है. सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85-90 प्रतिशत व दोपहर में 25-30 प्रतिशत रहने की संभावना है. इससे उमस की स्थिति बनी रहेगी. पूर्वानुमान की अवधि में 20-25 किमी/घंटा की गति से पूर्वा हवा चलेगी.
धान की खेती के लिए किसानों को सलाह
बीएयू सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए मध्यम अवधि वाले धान की किस्मों जैसे कनक, सीता, राजेन्द्र श्वेता, बीपीटी 5204 सुवासनी, एमटीयू 1001 आदि किस्मों को इस समय नर्सरी में बोया जाना उपयुक्त है.
एक हेक्टेयर क्षेत्र में रोपाई के लिए लगभग 800 से 1000 वर्ग मीटर में नर्सरी तैयार करें. क्यारी की चौड़ाई 1.25 से 1.5 मीटर रखें, लंबाई सुविधा अनुसार निर्धारित करें. बीजों को गिराने से पूर्व बविस्टिन 2.0 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचारित अवश्य करें.
2024 में 59 प्रतिशत कम बारिश हुई थी
बीते वर्ष मॉनसून का भागलपुर में आगमन 26 जून हुआ था. यह 13 अक्तूबर तक जिले में सक्रिय रहा था. इस दौरान 798 मिलीमीटर बारिश हुई थी. जबकि भागलपुर में एक हजार से 11 मिलीमीटर बारिश होती है. जबकि 2023 में 1450 मिमी बारिश हुई थी. इस वर्ष 2025 में शत प्रतिशत से अधिक यानी 104 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान लगाया गया है.
इसे भी पढ़ें: पूर्णिया-किशनगंज के रास्ते बिहार में मानसून की एंट्री, 18 जिलों में भयंकर बारिश का अलर्ट
बारिश के कारण तापमान रहा कम
मॉनसून की पहली बारिश से मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से कम 28.2 डिग्री रहा. वहीं सुबह के समय न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री रहा. हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 90 प्रतिशत रहा. 7.1 किमी/घंटा की गति से पूर्वा हवा चलती रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










