नवगछिया में हत्या से लेकर 17 लाख की लूट तक... वर्षों से अनसुलझे पड़े हैं कई बड़े कांड, नए SP पर टिकी लोगों की उम्मीदें

Updated:
विज्ञापन
Naugachia SP वैभव शर्मा

Naugachia SP वैभव शर्मा

Naugachia Crime News: नवगछिया पुलिस जिला हत्या, लूट और डकैती जैसे कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वर्षों से सफलता नहीं मिलने से जूझ रहा है. पीड़ित परिवारों को न्याय का इंतजार है और पुलिस की जांच व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. अब सभी की निगाहें नए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा पर टिकी हैं.

विज्ञापन

नवगछिया(भागलपुर) से रसिद आलम की रिपोर्ट

Naugachia Crime News: नवगछिया पुलिस जिला में हत्या, लूट, डकैती और चोरी जैसे कई चर्चित आपराधिक मामलों का वर्षों बाद भी खुलासा नहीं हो सका है. कई मामलों में न अपराधियों की गिरफ्तारी हुई और न ही पीड़ित परिवारों को न्याय मिला. ऐसे में पुलिस की जांच व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. अब लोगों की उम्मीदें नए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा से जुड़ी हैं कि क्या उनके नेतृत्व में इन पुराने मामलों की फाइलें फिर खुलेंगी और अपराधी कानून के शिकंजे तक पहुंचेंगे.

अनसुलझे कांडों की लंबी सूची, बढ़ रही लोगों की चिंता

नवगछिया पुलिस जिला में ऐसे कई हाई-प्रोफाइल केस हैं, जिनकी जांच वर्षों से अधूरी है. हत्या से लेकर करोड़ों की संपत्ति से जुड़े अपराधों तक कई मामलों में पुलिस अब तक ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है. इससे आम लोगों में कानून व्यवस्था और अपराध अनुसंधान की गति को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

महिला हत्याकांड ने मचाया था बवाल, फिर भी नहीं मिला कोई आरोपी

18 फरवरी 2024 को रंगरा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर शव गांव में फेंक दिया गया था. घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था. पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने पुलिस समेत कई वाहनों में आग लगा दी थी.

यह मामला राजनीतिक रूप से भी काफी चर्चित रहा. तत्कालीन विधायक गोपाल मंडल ने सार्वजनिक मंच से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे. लेकिन डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस न तो हत्या की गुत्थी सुलझा सकी और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी.

ईंधन पंप मैनेजर से साढ़े तीन लाख की लूट अब भी रहस्य

5 दिसंबर 2024 को गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक मोड़ स्थित हिमांशु फ्यूल सेंटर के मैनेजर से हथियार के बल पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लूट हुई थी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे.

इतना समय बीत जाने के बाद भी पुलिस इस मामले में किसी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है.

17 लाख की बिजली कार्यालय लूट आज भी फाइलों में कैद

18 मार्च 2021 को नवगछिया बिजली कार्यालय में नाइट गार्ड को बंधक बनाकर करीब 17 लाख रुपये की लूट की गई थी. तत्कालीन एसपी और एसडीपीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था. कई लोगों से पूछताछ भी हुई, लेकिन जांच किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी.

करीब पांच साल बाद भी यह मामला पुलिस रिकॉर्ड में लंबित है.

ज्वेलर्स चोरी और डबल मर्डर मिस्ट्री भी अधूरी

10 फरवरी 2020 को नवगछिया बाजार स्थित शुभम ज्वेलर्स में छत के रास्ते घुसकर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी. छह वर्ष बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है.

इसी तरह 25 अक्टूबर 2023 को लोकमानपुर के पास निर्माणाधीन पुल के समीप एक युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी. युवक की पहचान हो गई, लेकिन युवती की पहचान आज तक नहीं हो सकी. इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी भी अब तक नहीं सुलझी है.

सुकटिया ज्वेलरी डकैती समेत कई केस अब भी लंबित

गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार ज्वेलरी डकैती कांड सहित कई अन्य चर्चित मामलों में भी अब तक पुलिस कोई निर्णायक सफलता हासिल नहीं कर सकी है. लंबे समय से लंबित इन मामलों ने अपराध अनुसंधान की गति पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Naugachia Crime News: लोगों की मांग, पुराने मामलों की हो SIT से जांच

स्थानीय लोगों का कहना है कि गंभीर आपराधिक मामलों का वर्षों तक लंबित रहना अपराधियों का मनोबल बढ़ाता है और पीड़ित परिवारों का न्याय व्यवस्था से भरोसा कमजोर करता है.

लोगों की मांग है कि इन सभी लंबित मामलों की नए सिरे से समीक्षा कर विशेष जांच टीम (SIT) या अनुभवी अधिकारियों की निगरानी में जांच कराई जाए, ताकि वर्षों से न्याय का इंतजार कर रहे परिवारों को राहत मिल सके.

Naugachia Crime News: नए SP वैभव शर्मा से बढ़ी उम्मीदें

नवगछिया पुलिस जिले की कमान संभालने के बाद अब पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन चर्चित मामलों का खुलासा करना है. आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस पुराने मामलों को कितनी प्राथमिकता देती है और अपराधियों को कानून के दायरे में लाने में कितनी सफलता हासिल करती है.

इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन