3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर

खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार ने 3936.05 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है
Khagaria Purnea Four Lane: बिहार के खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार ने 3936.05 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है. इस परियोजना से सीमांचल की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा का समय करीब 50 फीसदी घटेगा और केला, मखाना समेत कृषि उत्पादों की बाजार तक तेज पहुंच सुनिश्चित होगी.
Khagaria Purnea Four Lane: केंद्रीय आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीइए) ने बिहार में एनएच-31 और एनएच-231 के खगड़िया-पूर्णिया खंड को 3936.05 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन में विकसित करने की मंजूरी दे दी है. इस परियोजना से केले और मखाने जैसे कृषि उत्पादों की तेज आवाजाही, सीमांचल की बेहतर कनेक्टिविटी और पूर्वी भारत के अंतरराज्यीय संपर्क को नयी मजबूती मिलेगी.
खगड़िया और पूर्णिया के बीच बनने वाला फोरलेन कॉरिडोर बिहार के कृषि प्रधान क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. खगड़िया से निकलने वाले केले और पूर्णिया के मखाने को अब बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी. इससे परिवहन में लगने वाला समय घटेगा, खराब होने वाली फसलों का नुकसान कम होगा और किसानों को बेहतर कीमत मिलने की संभावना बढ़ेगी.
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखकर होगा निर्माण
परियोजना में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक इंजीनियरिंग उपाय शामिल किये जायेंगे. सड़क की संरचना को मजबूत करने, बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करने और सड़क में सुधार के जरिए पूरे वर्ष बिना किसी परेशानी यातायात सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे कोसी और गंगा नदी तंत्र से प्रभावित इलाकों में आवागमन अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद होगा.
यात्रा का समय घटकर रह जायेगी 50 फीसदी
फोरलेन बनने के बाद खगड़िया, कटिहार और पूर्णिया के बीच यात्रा का समय मौजूदा 3.5 से 4 घंटे से घटकर लगभग 1.5 से 2 घंटे रह जाने का अनुमान है. इस तरह इसमें 50 फीसदी कमी आ जायेगी. इससे सीमांचल क्षेत्र के लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक और व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंच आसान होगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पश्चिम बंगाल और झारखंड से बेहतर होगी कनेक्टिविटी
यह कॉरिडोर बिहार के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और झारखंड से सड़क संपर्क को भी मजबूत करेगा. परियोजना के तहत कपड़ा क्लस्टर, दो मेगा फूड पार्क, दो मत्स्य एवं समुद्री भोजन पार्क सहित पांच पीएम गति शक्ति आर्थिक केंद्रों तथा चार रेलवे स्टेशन, एक हवाई अड्डा, चार राष्ट्रीय राजमार्ग और दो राज्य राजमार्ग समेत 11 प्रमुख लॉजिस्टिक्स केंद्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. साथ ही खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया के भीड़भाड़ वाले हिस्सों में यातायात का दबाव कम होने और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










