bhagalpur news. बिजली तार चोरों का आतंक, खंभे से मीटर तक के तार काटकर ले जा रहे बदमाश

Published by : ATUL KUMAR Updated At : 16 Mar 2026 1:06 AM

विज्ञापन

विगत पांच दिनों से भागलपुर शहर के विभिन्न मोहल्लों से बिजली तार चोरी की घटनाएं बड़े पैमाने पर सामने आ रही है

विज्ञापन

विगत पांच दिनों से भागलपुर शहर के विभिन्न मोहल्लों से बिजली तार चोरी की घटनाएं बड़े पैमाने पर सामने आ रही है. ततारपुर थाना क्षेत्र के लहेरी टोला में विगत पांच दिनों में चोरों ने 25 से अधिक घरों के बिजली के तार की चोरी ली है. रविवार को तातारपुर के पीड़ित उपभोक्ता थाना पहुंचे थे. सबों ने एक सामूहिक आवेदन देकर मोहल्ले में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और चोरों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस ने उनलोगों को कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. लहेरी टोला निवासी संजय कुमार ने बताया कि अक्सर जब मोहल्ले के सभी लोग गहरी नींद में होते हैं तो उस समय चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया जाता है. चोर बिजली पोल से लेकर घर तक के कॉपर वायर को ही निशाना बनाते हैं और एक रात में दस से अधिक घरों को अपना निशाना बना लेते हैं. सुबह जब लोग जगते हैं तो उनलोगों को लगता है कि बिजली में कोई तकनीकी गड़बड़ी है, इस कारण घर में बिजली नहीं है. फिर छानबीन के बाद पता चलता है कि पोल से बिजली मीटर तक आने वाला तार ही चोरों ने गायब कर दिया है. मो असगर समेत अन्य लोगों ने पुलिस ने चोरों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

तिलकामांझी के दस घरों में हुई थी घटना

तिलकामांझी थाना क्षेत्र के विक्रमशिला कॉलोनी से गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने दस घरों से बिजली के तार की चोरी कर ली थी. शुक्रवार को अहले सुबह जब लोग जगे तो देखा कि एक चोर तार का बंडल ले कर भाग रहा है. स्थानीय लोगों ने चोरों का पीछा भी किया, लेकिन चोर मौके से भाग गया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों और थाने को दी थी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

एसी के कॉपर वायर भी है निशाना

तार कटिंग गिरोह के सदस्यों के निशाने पर एसी का कॉपर वायर भी है. पिछले दिनों अज्ञात चोरों ने जेएलएनएमसीएच मायागंज स्थित प्राइवेट कंपनी के डायलिसिस सेंटर के तीन एसी के कॉपर वायर की चोरी कर ली थी. तार चोरी हो जाने के बाद करीब सात दिनों से एसी ठप है. कर्मियों ने अस्पताल प्रबंधन और कंपनी के अधिकारियों को घटना की सूचना दी है. तार का अनुमानित मूल्य 15,000 से अधिक की बतायी जा रही है. दूसरी तरफ सिकंदरपुर हसनपुर में चोरों ने आधा दर्जन घरों में लगे एसी के कॉपर वायर की चोरी कर ली है. इन दिनों शहर के लोग तार चोरी की घटनाओं से परेशान हैं. कई लोगों ने बताया कि इन दिनों चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. कई माेहल्ले से छोटी-छोटी चोरी की घटनाएं सामने आ रही है. मामूली चोरी होने के कारण लोग थाने में रपट भी नहीं लिखा पा रहे हैं. बात सामने आ रही है कि सूखे नशे का सेवन करने वाले स्मैकर इस तरह की घटनाओं में संलिप्त हैं.

तार चोरी की घटनाएं सामने आयी हैं. विभिन्न थाना पुलिस को पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही नशे की रोक थाम के लिए भी कार्रवाई की जा रही है. आशंका है कि स्मैकरों का गिरोह इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं. जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा.

शैलेंद्र सिंह, सिटी एसपी, भागलपुर

विज्ञापन
ATUL KUMAR

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन