Bhagalpur news सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा व आस्था के साथ रखा वट सावित्री व्रत
Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 17 May 2026 12:28 AM
पालपुर प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु व सुख-समृद्धि की कामना को लेकर वट सावित्री व्रत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया.
नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु व सुख-समृद्धि की कामना को लेकर वट सावित्री व्रत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया. सुबह से ही गांवों एवं बाजारों में पूजा सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखी गयी. महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर वट वृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा धागा बांधा तथा सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी. कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन किया गया, जहां काफी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया. गोपालपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा. मंदिरों व वट वृक्षों के आसपास पूजा को लेकर विशेष सजावट की गयी थी. महिलाओं ने फल, फूल, मिठाई व पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-शांति की कामना की. बुजुर्ग महिलाओं ने युवा पीढ़ी को इस व्रत के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी. मान्यता है कि माता सावित्री ने अपने तप व संकल्प से अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस प्राप्त की थी, तभी से यह व्रत अखंड सौभाग्य की कामना के लिए किया जाता है. व्रत को लेकर बाजार में फल, पूजन सामग्री, शृंगार एवं मिठाइयों की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही. महिलाओं ने पूजा संपन्न कर परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की.आस्था व श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ वट सावित्री व्रत
बरगद वृक्ष की पूजा कर महिलाओं ने की पति की दीर्घायु की कामना
सुलतानगंजशहर के विभिन्न इलाकों में शनिवार को वट सावित्री व्रत आस्था, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ.महिलाएं सोलह शृंगार कर पूजा सामग्री के साथ बरगद वृक्ष के पास पहुंचीं. विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर वट वृक्ष की परिक्रमा कर सूत का धागा बांधा तथा अपने पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना की.कृष्णानंद स्टेडियम, ध्वजागली स्थित बूढ़ानाथ मंदिर परिसर एवं अन्य पूजा स्थलों पर महिलाओं की काफी भीड़ देखी गयी. अकबरनगर प्रतिनिधि के अनुसार अकबरनगर के आसपास वट सावित्री पूजा को लेकर आस्था का जनसैलाब उमड़ा. अकबरनगर के कई क्षेत्र में सुहागिन महिलाएं वट सावित्री व्रत पर पूजा-अर्चना कर पति की लंबी उम्र की कामना की.यह पर्व सिर्फ पूजा का नहीं बल्कि भारतीय नारी के समर्पण और प्रेम का प्रतीक भी है.गोराडीह प्रखंड क्षेत्र के विरनौध, मोहनपुर, मुरहन, बड़ी जमीन, नदियामा, मुक्तापुर, जमसी सहित विभिन्न गांवों में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया. सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना को लेकर निर्जल व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की.कहलगांव प्रखंड के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में वट सावित्री व्रत परंपरागत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. प्रातः 5 बजे से ही शिवकुमारी गंगा घाट, ऐतिहासिक बटेश्वर स्थान मंदिर परिसर तथा पुरानी बाजार स्थित प्राचीन वट वृक्ष के नीचे महिलाओं की लंबी कतारें देखी गयी. लाल और पीली साड़ियों में सोलह शृंगार कर व्रती महिलाएं हाथों में बांस की टोकरी में पूजा सामग्री लेकर पहुंचीं. महिलाओं ने वट वृक्ष की जड़ में दूध, जल और पुष्प अर्पित कर कच्चे सूत से परिक्रमा कर वृक्ष पर सूत लपेटा और भीगे चने का भोग लगाया.नवगछिया में वट सावित्री पूजा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाज से की गयी. सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की. सुबह से ही विभिन्न गांवों, मोहल्लों एवं मंदिरों में महिलाओं की भीड़ देखी गयी.महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर वट सावित्री व्रत कथा का श्रवण किया.
शाहकुंड.प्रखंड क्षेत्र में वट सावित्री की पूजा महिलाओं ने उल्लास के साथ की. महिलाओं ने पति के लंबी आयु की कामना की.पीरपैंती प्रखंड के पसाहीचक स्थित मां बुढ़िया काली मंदिर के प्रांगण में मनोकामना संस्कार मंडप फाउंडेशन की ओर से वट सावित्री पूजन किया गया. पूजन करने पहुंची सुहागिनों का संस्था के अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार मिश्रा उर्फ बिट्टू मिश्रा ने अभिनंदन किया. पीरपैंती के अलग-अलग हिस्सों में विधि विधान से वट सावित्री पर्व मनाया गया. व्रतियों ने वट वृक्ष के नीचे पूजन कर कथा श्रवण किया.शादी सीमानपुर पैक्स अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, गणेश सिंह, अरुण पोद्दार, नीरज पोद्दार बादल सिंह ,मांगन यादव ,भनभन यादव, डोमन यादव सहित अन्य लोगों ने पूजन में सहयोग किया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










