भागलपुर में खाद्य बाजार के भाव स्थिर, दलहन-तेलहन में तेजी, सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर

Updated:
विज्ञापन

आभूषण की दुकान में जेवर पसंद करती महिला. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भागलपुर की मंडियों में खाद्य पदार्थों की कीमतों में स्थिरता है, लेकिन सोना-चांदी रिकॉर्ड स्तर पर बने हुए हैं. वहीं, चना, अरहर और खाद्य तेलों की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. शादी-ब्याह के सीजन में कीमतों में और उछाल की संभावना है.

विज्ञापन

भागलपुर जिले की मंडियों में कुछ दलहन और तेलहन को छोड़कर अधिकांश खाद्य पदार्थों की कीमतों में फिलहाल स्थिरता बनी हुई है. वहीं सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के भाव लगातार ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं. पिछले एक महीने से सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा. करीब 25 दिन पहले सोने के भाव में तेजी आयी थी, जबकि चांदी की कीमत में नरमी देखी गयी थी. पिछले करीब 15 दिनों से दोनों धातुओं के भाव में अपेक्षाकृत स्थिरता बनी हुई है.

विज्ञापन

सोना-चांदी के भाव आसमान पर

भागलपुर के सर्राफा बाजार में सोना और चांदी पहले से ही रिकॉर्ड स्तर पर बने हुए हैं. ताजा थोक भाव के अनुसार 24 कैरेट सोना करीब 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर है. वहीं चांदी की कीमत करीब 2.35 लाख रुपये प्रति किलोग्राम है. व्यापारियों के अनुसार बाजार में मांग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले बदलावों के कारण कीमती धातुओं के भाव में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.

चना और अरहर में तेजी

दलहन और अनाज मंडी में चना और अरहर की कीमतों में तेजी का रुख है. मसूर दाल के भाव फिलहाल स्थिर बने हुए हैं, जबकि अरहर और मूंग की कीमतों में अलग-अलग इलाकों में अंतर देखने को मिल रहा है. बाजार में चना और मसूर दाल करीब 72 रुपये प्रति किलोग्राम, अरहर दाल 120 से 130 रुपये, मूंग दाल करीब 98 रुपये और कलाई दाल 105 से 115 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है. आटा का भाव करीब 35 रुपये प्रति किलोग्राम है.

कतरनी चावल की कीमत गुणवत्ता पर निर्भर

अनाज मंडी में भागलपुर का प्रसिद्ध कतरनी चावल अपनी गुणवत्ता के अनुसार 80 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है. वहीं स्वर्णा चावल करीब 40 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर उपलब्ध है. कतरनी चूड़ा की कीमत 110 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास है. इधर चीनी की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है. 50 किलोग्राम का पैकेट पहले करीब 2300 रुपये था, जो अब बढ़कर 2640 रुपये तक पहुंच गया है.

खाद्य तेलों में भी बढ़ा भाव

तेलहन बाजार में भी तेजी का रुख बना हुआ है. कारोबारियों के अनुसार तीन महीने पहले 15 किलोग्राम वाले मंगल तेल के डिब्बे की कीमत करीब 2475 रुपये थी, जो बाद में 2800 रुपये हुई और अब बढ़कर 2950 रुपये तक पहुंच गयी है. रिफाइन पाम तेल की कीमत पिछले दो महीने से 2350 से 2450 रुपये प्रति 13 लीटर के बीच बनी हुई है. वहीं भोजन वनस्पति के 15 किलोग्राम जार की कीमत करीब 2480 रुपये है.

शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ सकती है मांग

स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह का सीजन और बाजार में आपूर्ति की स्थिति कीमतों को प्रभावित कर सकती है. मांग बढ़ने पर कुछ विशेष उत्पादों के भाव में और तेजी आने की संभावना है. व्यापारियों की नजर फिलहाल मंडियों में आवक, मांग और आपूर्ति की स्थिति पर बनी हुई है. इसके आधार पर आने वाले दिनों में खाद्य पदार्थों से लेकर सर्राफा बाजार तक के भाव में बदलाव देखने को मिल सकता है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन