इंजीनियरिंग कॉलेज में डीएम अलंकृता पांडे ने छात्रों से कहा- खूब पढ़ें, खूब सीखें और तकनीकी शिक्षा में कुछ नया करें

Updated:
विज्ञापन

डीएम अलंकृता पांडे

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में सात दिवसीय स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम का समापन हुआ. जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने छात्रों को कॉलेज जीवन के महत्व और सफलता के मंत्र बताए. कार्यक्रम में करियर, साइबर सुरक्षा, योग पर भी मार्गदर्शन दिया गया.

विज्ञापन

Bhagalpur News: भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम के समापन अवसर पर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने नव-नामांकित छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सीखने, प्रयोग करने और खुद को नई दिशा देने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है. उन्होंने छात्रों से तकनीकी शिक्षा में नवाचार करने, लगातार सीखते रहने और जीवन का आनंद लेते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया.

इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम के छठे और अंतिम दिन मार्गदर्शन संवाद सत्र का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नव-प्रवेशित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और विशेषज्ञों से करियर, तकनीकी शिक्षा, साइबर सुरक्षा, योग और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया.

डीएम ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र

जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र जीवन में जितना अधिक पढ़ेंगे, सीखेंगे और नए अनुभव प्राप्त करेंगे, उतना ही भविष्य मजबूत होगा. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वरिष्ठ छात्रों के साथ सकारात्मक, सम्मानजनक और सार्थक संवाद बनाए रखें, क्योंकि कॉलेज के दौरान बने मित्र जीवनभर साथ रहते हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद जरूरी है.

इंडक्शन प्रोग्राम में मिला बहुआयामी मार्गदर्शन

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विमलेश कुमार और मानविकी विभागाध्यक्ष प्रो. शशांक शेखर ने जिलाधिकारी का स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया.

प्रो. शशांक शेखर ने बताया कि सात दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान छात्रों को तकनीकी शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास, मानवीय मूल्य, स्वास्थ्य, मानसिक जागरूकता, नवाचार, पर्यावरण, सामाजिक उत्तरदायित्व और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई.

करियर को सही दिशा देने के अवसर पहचानें

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के सहायक प्राध्यापक पुष्पेंद्र द्विवेदी ने छात्रों को तकनीकी शिक्षा के साथ करियर की सही दिशा चुनने, उपलब्ध अवसरों की पहचान करने और आवश्यक कौशल विकसित करने पर जोर दिया.

उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में निरंतर सीखना और खुद को अपडेट रखना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है.

योग और मानसिक स्वास्थ्य पर भी हुआ संवाद

टेक्नो स्कूल ऑफ योग के अंशु सिंह ने ध्यान, आंतरिक चेतना और मानसिक शांति के महत्व पर विस्तार से चर्चा की.

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी, ताकि वे पढ़ाई के साथ मानसिक संतुलन भी बनाए रख सकें.

साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी

साइबर सेल के डीएसपी विनय रंजन ने छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, क्यूआर कोड फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया.

साइबर थाना के थानाध्यक्ष सन्नी कुमार ने बताया कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

Bhagalpur News: आईआईटी पूर्व छात्र ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र रंजन ने अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए छात्रों से कहा कि लक्ष्य के प्रति लगातार प्रयास करने वाला व्यक्ति ही आगे बढ़ता है.

उन्होंने छात्रों को असफलताओं से घबराने के बजाय उन्हें सीखने का अवसर मानने की सलाह दी.

Also Read: पूर्वोत्तर भारत का इंडस्ट्रियल हब बनेगा बिहार, करोड़ों के प्रोजेक्ट्स से बदलेगी सूरत, कुछ ऐसा है मास्टर प्लान

Also Read: अगर RJD छोड़ देता तो आज डिप्टी CM होता', भाई वीरेंद्र बोले- लालू के साथ रहने के लिए बहुत त्याग किया


विज्ञापन
आरफीन जुबैर

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन