Bhagalpur news रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका

सुलतानगंज–जमालपुर रेलखंड मसदी के समीप सोमवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी.
सुलतानगंज–जमालपुर रेलखंड मसदी के समीप सोमवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव रेलवे पोल संख्या 331/18/20 के बीच ट्रैक पर पड़ा मिला. सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की. तलाशी में मृतक के पास से आधार कार्ड और दो रेलवे टिकट बरामद हुए, जिसके आधार पर उसकी पहचान बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के लोढ़िया गांव केपिंटू कुमार सिंह(36 ) के रूप में हुई. पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग थाना पहुंचे और पहचान की. परिजनों के अनुसार पिंटू कुमार पिछले 10 वर्षों से हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित एक स्टील प्लांट में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. हाल ही में वह घर लौट रहे थे और रास्ते में लगातार अपनी पत्नी तारा देवी से संपर्क में थे. पत्नी ने बताया कि प्रयागराज से पटना फिर दानापुर से सुलतानगंज के लिए उन्होंने ट्रेन पकड़ी थी. रात में बातचीत में पता चला कि वह गलती से अकबरनगर स्टेशन पहुंच गये थे, जहां से वापस सुलतानगंज लौटे.
आखिरी कॉल ने बढ़ायी शंका
पत्नी के अनुसार रात करीब 2:30 बजे पिंटू कुमार ने वीडियो कॉल कर बताया कि वह सुलतानगंज स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हैं और बस पकड़ने जा रहे हैं. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनका पीछा कर रहे हैं. इसके बाद फोन कट गया और फिर संपर्क नहीं हो सका. पत्नी ने आशंका जतायी है कि उनके पति की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया. उन्होंने पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखा, जिसमें मृतक को कृष्णगढ़ मोड़ के पास अकेले जाते देखा गया है.परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे पुत्र छोड़ गया है. बड़ा बेटा प्रियांशु (12 ) सातवीं कक्षा में, जबकि छोटा बेटा पीयूष कुमार (10) छठी कक्षा में पढ़ता है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है. प्रशिक्षु आइपीएस सह थानाध्यक्ष सायम रजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन से कटने से प्रतीत हो रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




