दरियापुर-चन्द्रमा सड़क का पुल ध्वस्त, आधा दर्जन गांवों का टूटा संपर्क

Updated:
विज्ञापन
दरियापुर-चन्द्रमा सड़क का पुल ध्वस्त, आधा दर्जन गांवों का टूटा संपर्क

Bridge Collapse In Shahkund: भागलपुर के शाहकुंड प्रखंड में दरियापुर से चन्द्रमा जाने वाली मुख्य सड़क पर बना पुल ध्वस्त हो गया है. पुल गिरने के बाद आसपास के कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है. ग्रामीणों को अब दरियापुर पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है.

विज्ञापन

शाहकुंड भागलपुर से की रिपोर्ट

Bhagalpur News :भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड में दरियापुर-चन्द्रमा मुख्य सड़क पर स्थित पुल अचानक ध्वस्त हो जाने से इलाके में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. दरियापुर सेंटपाल स्कूल के सामने खरना डांढ़ पर बना यह पुल बुधवार को पूरी तरह धराशायी हो गया. पुल गिरने के बाद आसपास के आधा दर्जन गांवों का संपर्क दरियापुर बाजार और मुख्य सड़क मार्ग से टूट गया है.

सेंटपाल स्कूल से 500 मीटर दूर था पुल

स्थानीय लोगों के अनुसार यह पुल दरियापुर सेंटपाल स्कूल से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित था. इस सड़क का उपयोग ग्रामीण दरियापुर से दराधी होते हुए कजरैली जाने के लिए करते थे. पुल ध्वस्त होने के बाद अब इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है.ग्रामीणों का कहना है कि पुल बीते कई महीनों से जर्जर हालत में था और लोग पुल से गुजरने में डर महसूस करते थे. सुरक्षा को देखते हुए लोगों ने पुल के बगल में बनाए गए डायवर्सन का उपयोग शुरू कर दिया था.

आधा दर्जन गांवों का संपर्क टूटा

पुल गिरने से चन्द्रमा, हरनाथपुर, करहरिया, कठौन सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क दरियापुर से टूट गया है. अब ग्रामीणों को दरियापुर पहुंचने के लिए छह से सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.इस घटना से हजारों की आबादी प्रभावित हुई है. खासकर स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

25 वर्ष पहले हुआ था पुल निर्माण

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल का निर्माण करीब 25 वर्ष पूर्व कराया गया था. ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण पुल समय से पहले ही जर्जर हो गया.बीते छह माह से पुल की हालत लगातार खराब होती जा रही थी, लेकिन प्रशासन की ओर से मरम्मत या नए निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई. अब पुल पूरी तरह ध्वस्त होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है.

ग्रामीणों ने की नए पुल निर्माण की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द नए पुल निर्माण की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन