भागलपुर में कार्गो फेरी सेवा से तिनटंगा करारी घाट की बदली तस्वीर, पार्किंग शुल्क पर उठ रहे सवाल

Updated:
विज्ञापन
भागलपुर में कार्गो फेरी सेवा से तिनटंगा करारी घाट की बदली तस्वीर, पार्किंग शुल्क पर उठ रहे सवाल

Cargo Ferry Service : भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल स्थित तिनटंगा करारी घाट पर कार्गो फेरी सेवा शुरू होने के बाद क्षेत्र में चहल-पहल काफी बढ़ गयी है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में हाइवा, ट्रक और अन्य मालवाहक वाहन घाट पर पहुंच रहे हैं. इससे स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों और छोटे दुकानदारों को सीधा लाभ मिल रहा है. हालांकि पार्किंग शुल्क की वसूली को लेकर कुछ वाहन चालकों ने व्यवस्था पर सवाल भी खड़े किए हैं.

विज्ञापन

भागलपुर, गोपालपुर से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर जिला के गोपालपुर के अंतर्गत तिनटंगा करारी घाट पर कार्गो फेरी सेवा शुरू होने के बाद पूरे इलाके में आर्थिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं. पहले जहां घाट क्षेत्र अपेक्षाकृत शांत नजर आता था, वहीं अब प्रतिदिन दर्जनों मालवाहक वाहन यहां पहुंच रहे हैं. हाइवा, ट्रक और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही से घाट क्षेत्र में रौनक लौट आयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि फेरी सेवा शुरू होने के बाद कारोबार को गति मिली है. यह सेवा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है.

दुकानदारों की बढ़ी आमदनी, रोजगार के खुले नये अवसर

घाट पर वाहनों और चालकों की संख्या बढ़ने का सबसे अधिक लाभ स्थानीय दुकानदारों को मिल रहा है. चाय-नाश्ता, भोजन, पेय पदार्थ और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. होटल संचालकों का कहना है कि पहले की तुलना में अब ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ गयी है. वहीं खाद्य सामग्री और छोटे-मोटे सामान बेचने वाले दुकानदारों की आय में भी इजाफा हुआ है. कई लोग लोडिंग-अनलोडिंग, वाहन सहायता और अन्य कार्यों से जुड़कर आय अर्जित कर रहे हैं.

पार्किंग शुल्क को लेकर वाहन चालकों में नाराजगी

जहां फेरी सेवा से लोगों को लाभ मिल रहा है, वहीं पार्किंग शुल्क के नाम पर की जा रही वसूली को लेकर वाहन चालकों और परिवहन कारोबारियों ने सवाल उठाये हैं. उनका आरोप है कि घाट पर आने वाले प्रत्येक हाइवा से 100 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है. वाहन मालिकों का कहना है कि यदि कोई शुल्क निर्धारित है तो उसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए और शुल्क लेने पर रसीद भी उपलब्ध करायी जानी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से इस व्यवस्था की समीक्षा कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है.

पारदर्शी व्यवस्था से मिलेगा विकास को और बल

स्थानीय लोगों का मानना है कि कार्गो फेरी सेवा क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है. इससे व्यापार, परिवहन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है. हालांकि लोगों का यह भी कहना है कि पार्किंग शुल्क और अन्य व्यवस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि शुल्क निर्धारण और संचालन व्यवस्था को स्पष्ट किया जाये. यदि ऐसा किया जाता है तो वाहन चालकों, परिवहन व्यवसायियों और स्थानीय व्यापारियों सभी को सुविधा मिलेगी.

विज्ञापन
अमित कुमार सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमित कुमार सिन्हा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन