गंगा में डूबे युवक का शव बरामद, रातभर चला सर्च ऑपरेशन, एक और युवक की तलाश जारी

Bhagalpur News : भागलपुर के मुसहरी काली घाट पर गंगा नदी में डूबे युवक का शव आखिरकार SDRF टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद बरामद कर लिया. शव बाहर निकलते ही घाट पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट : भागलपुर के मुसहरी काली घाट में गंगा नदी में डूबे युवक का शव शुक्रवार सुबह SDRF टीम ने बरामद कर लिया. युवक बुधवार रात करीब 10 बजे नदी में डूब गया था. रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद डीप डाइवर की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
रातभर चला सर्च अभियान
जानकारी के अनुसार युवक के गंगा में डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घाट पर जुट गई. परिजनों ने तुरंत घटना की जानकारी SDRF और पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. हालांकि अंधेरा और तेज बहाव के कारण रात में युवक का पता नहीं चल सका.
डीप डाइवर ने नदी से निकाला शव
शुक्रवार सुबह SDRF टीम ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया. इस दौरान डीप डाइवर को नदी में उतारा गया. घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया. शव बाहर आते ही घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है, जो भागलपुर के मुसहरी काली घाट इलाके का निवासी बताया जा रहा है.पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. स्थानीय लोग भी घटना से काफी दुखी नजर आए.
नाव से कूदे दूसरे युवक की तलाश जारी
इधर, गंगा नदी में नाव से कूदे एक अन्य युवक की तलाश अब भी जारी है. SDRF की टीम महाजाल और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन कर रही है. बताया जा रहा है कि युवक बुधवार को नाव से अचानक गंगा में कूद गया था और तेज धारा में बहकर लापता हो गया. समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










