बाबा के भक्तों के लिए बड़ी सौगात: सुल्तानगंज स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा नया ओवरब्रिज शुरू, यात्रा होगी आसान

नया फुट ओवरब्रिज
लाखों कांवरियों की भीड़ को देखते हुए सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर श्रावणी मेला 2026 के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं. एक नया 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज श्रद्धालुओं के लिए आज से खुल जाएगा, जिससे आवागमन आसान होगा.
Shravani Mela: भागलपुर. एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेला 2026 को लेकर मालदा रेल मंडल ने सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं. गुरुवार से सावन शुरू होने के साथ ही लाखों कांवरियों की भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा, यात्री सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता के निर्देश पर सभी विभागों ने समन्वित कार्ययोजना के तहत तैयारियां पूरी की हैं.
नया फुट ओवरब्रिज आज से श्रद्धालुओं के लिए होगा चालू
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्मित 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुट ओवरब्रिज (एफओबी) को गुरुवार, 30 जुलाई से यात्रियों और कांवरियों के लिए खोल दिया जाएगा. रेलवे के अनुसार इससे प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन आसान होगा, भीड़ कम होगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिलेगी.
मेला समन्वय के लिए अधिकारियों की तैनाती
मालदा मंडल ने श्रावणी मेला अवधि के दौरान प्रतिदिन अधिकारियों की स्टेशन पर तैनाती की है. वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता प्रदीप दास को श्रावणी मेला-2026 का समन्वयक अधिकारी बनाया गया है. वहीं वाणिज्य निरीक्षक (भागलपुर) को मेला अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो सभी व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे.
सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत
स्टेशन परिसर में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं. फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. अग्निशमन उपकरण भी प्रमुख स्थानों पर उपलब्ध कराए गये हैं.
कांवरियों के लिए विशेष यात्री सुविधाएं
रेलवे ने कांवरियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया, चिकित्सा शिविर, "मे आई हेल्प यू" काउंटर, अतिरिक्त टिकट काउंटर, दिशा सूचक संकेतक और ट्रेन समय-सारिणी बोर्ड लगाए हैं. इसके अलावा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, छत के पंखे, सुरक्षित पेयजल, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, स्वच्छ प्रतीक्षालय और साफ-सुथरे शौचालयों की भी व्यवस्था की गयी है.
रोजाना होगी व्यवस्थाओं की समीक्षा
Shravani Mela: रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मेला अवधि के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन स्टेशन का निरीक्षण करेंगे. यात्री सुविधाओं, टिकट व्यवस्था, रेल परिचालन, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की लगातार समीक्षा कर आवश्यकता अनुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ललित किशोर मिश्र
ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










