भागलपुर : बर्ड फ्लू की पुष्टि, एक किमी क्षेत्र ‘संक्रमित जोन’ घोषित, बड़े स्तर पर कलिंग का आदेश

Updated:
विज्ञापन

जिले के बरारी स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. भोपाल स्थित एनआइएचएसएडी में भेजे गये नमूनों की जांच में वायरस की पुष्टि हुई है.

विज्ञापन

भागलपुर से संजीव झा जिले के बरारी स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. सरकार को प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार भोपाल स्थित एनआइएचएसएडी में भेजे गए नमूनों की जांच में वायरस की पुष्टि हुई है. इस संबंध में भारत सरकार के पशुपालन और डेयरी विभाग द्वारा जारी पत्र के आधार पर जिला प्रशासन को तत्काल प्रभाव से रोकथाम और नियंत्रण के निर्देश दिये गये हैं. इस बाबत जिलाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को संयुक्त आदेश जारी किया है. एक किमी क्षेत्र ‘इनफेक्टेड जोन’, 10 किमी तक सख्ती प्रशासन ने प्रक्षेत्र के आसपास एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर दिया है. इस क्षेत्र में सभी मुर्गियों, बत्तखों और अन्य पक्षियों की अनिवार्य रूप से कलिंग (मारकर नष्ट करना) की जायेगी. साथ ही अंडे, दाना और संबंधित सामग्री भी नष्ट की जायेगी. इसके अलावा 10 किलोमीटर के दायरे को ‘सर्विलांस एरिया’ घोषित कर वहां भी सख्त निगरानी और प्रतिबंध लागू कर दिया गया है. इस क्षेत्र में पोल्ट्री उत्पादों की खरीद-बिक्री और आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. रेपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन, घर-घर अभियान प्रशासन ने तीन रैपिड रिस्पांस टीम गठित करने का निर्देश दिया है, जो घर-घर जाकर पक्षियों की पहचान कर उनका कलिंग करेंगी. इसके लिए वार्ड 27, 28 और 29 में विशेष व्यवस्था की गयी है. मारे गये पक्षियों को सुरक्षित तरीके से गड्ढों में दफनाया जायेगा, जिसमें चूना और मिट्टी का उपयोग होगा. स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान कलिंग कार्य में लगे सभी कर्मियों को पीपीई किट उपलब्ध करायी जायेगी. सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि सभी टीम सदस्यों के लिए एंटीवायरल दवाएं और दैनिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करें. संक्रमित क्षेत्र में चेकपोस्ट बनाकर मुर्गी, अंडा या अन्य पक्षियों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी है. उल्लंघन करने पर सामग्री जब्त की जायेगी. पुलिस और दंडाधिकारी की तैनाती कर क्षेत्र को पूरी तरह सील किया जा रहा है. 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय स्थिति पर नजर रखने के लिए समाहरणालय में 24 घंटे का कंट्रोल रूम (फोन : 0641-2402082) स्थापित किया गया है. आम लोगों से अपील की गयी है कि कहीं भी पक्षियों की असामान्य मौत दिखे, तो तुरंत सूचना दें. जिला प्रशासन द्वारा बर्ड फ्लू से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. वार्डों में पोस्टर और फ्लैक्स के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार के एक्शन प्लान के तहत सभी कदम उठाये जा रहे हैं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके.

विज्ञापन
SANJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By SANJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन