भागलपुर में गंगा किनारे देसी कट्टा का अस्थि विसर्जन, संकल्प और मंत्रोच्चार वाला वीडियो वायरल
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 21 May 2026 1:24 PM
Bhagalpur Viral Video: बिहार के नवगछिया अनुमंडल से सामने आये एक वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है. गंगा घाट पर एक युवक धार्मिक अनुष्ठान की तरह देसी कट्टा का “विसर्जन” करता दिख रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं.
Bhagalpur Viral Video: गंगा घाट पर आमतौर पर पूजा-पाठ, तर्पण और अस्थि विसर्जन के दृश्य देखने को मिलते हैं, लेकिन नवगछिया अनुमंडल से वायरल हुए एक वीडियो ने लोगों को चौंका दिया है. वीडियो में एक युवक बाकायदा संकल्प और मंत्रोच्चार के बीच देसी कट्टा को गंगा में प्रवाहित करता नजर आ रहा है. यह वीडियो गोपालपुर, इस्माईलपुर और रंगरा थाना क्षेत्र के गंगा घाटों से जुड़ा बताया जा रहा है और अब पूरे भागलपुर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
माथे पर तिलक, हाथ में कट्टा और फिर ‘संकल्प’
वायरल वीडियो में युवक दोनों हाथों में देसी कट्टा लिये खड़ा दिखाई देता है. उसके माथे पर चंदन का तिलक लगा है और सिर पर लाल गमछा बंधा हुआ है. पूरा दृश्य किसी धार्मिक अनुष्ठान जैसा नजर आता है.
वीडियो में पीछे से एक व्यक्ति पंडित की तरह संकल्प दिलाता सुनाई देता है. युवक कहता है कि वह माता-पिता, गुरुजनों और देवी-देवताओं को साक्षी मानकर अब कभी अस्त्र-शस्त्र नहीं उठाएगा. इसके बाद वह कट्टा को गंगा नदी में प्रवाहित कर देता है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे अपराध की दुनिया छोड़ने का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे कानून और हथियार दोनों का मजाक बता रहे हैं.
वीडियो की प्रस्तुति और धार्मिक शैली में हथियार के “विसर्जन” को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं. कई यूजर्स इसे फिल्मी अंदाज का स्टंट बता रहे हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है. वरीय पुलिस अधिकारियों ने गंगा किनारे स्थित थाना प्रभारियों को वीडियो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है.
हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है. प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया तथा इसमें दिख रहा हथियार असली था या नहीं.
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
पूरा मामला गोपालपुर और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है.
Also Read:’मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










