भागलपुर में 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 30 सेंटीमीटर बढ़ा, तटबंध के तल तक पहुंचा पानी, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

गोपालपुर इस्माईलपुर -बिंद टोली तठबंध पर गंगा का पानी | Prabhat Khabar Network
Bhagalpur News: गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. गंगा में 30 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि कोसी नदी का जलस्तर 11 सेंटीमीटर बढ़ा है. दोनों नदियों का पानी तटबंधों के तल तक पहुंच गया है, जिससे बाढ़ नियंत्रण विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है.
Bhagalpur News: भागलपुर में मानसून की सक्रियता के बीच भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 30 सेंटीमीटर बढ़ने से बाढ़ नियंत्रण विभाग की सतर्कता भी बढ़ गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि नदी अभी चेतावनी स्तर और खतरे के निशान से नीचे बह रही है. इसके बावजूद कई स्थानों पर पानी तटबंध के तल (टो) तक पहुंच गया है, जिसके बाद संवेदनशील इलाकों की निगरानी तेज कर दी गई है.
उधर, कोसी नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. फिलहाल दोनों नदियां सुरक्षित स्तर पर हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
24 घंटे में 30 सेंटीमीटर बढ़ा गंगा का जलस्तर
बाढ़ नियंत्रण विभाग की शनिवार सुबह 6 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध के स्पर संख्या-7 पर गंगा का जलस्तर 28.22 मीटर दर्ज किया गया. यह पिछले 24 घंटे की तुलना में 30 सेंटीमीटर अधिक है.
हालांकि यह स्तर अभी 30.60 मीटर के चेतावनी स्तर और 31.60 मीटर के खतरे के निशान से नीचे है. इसलिए फिलहाल बाढ़ का तत्काल खतरा नहीं माना जा रहा है.
तटबंध के तल तक पहुंचा पानी, बढ़ी निगरानी
जलस्तर बढ़ने के साथ गंगा का पानी तटबंध के कई हिस्सों में टो (तल) तक पहुंच गया है. इसे देखते हुए बाढ़ नियंत्रण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है.
अधिकारियों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी और जरूरत पड़ने पर स्थानीय प्रशासन को अलर्ट जारी किया जाएगा.
कोसी नदी का जलस्तर भी बढ़ा
भागलपुर क्षेत्र से जुड़ी कोसी नदी में भी जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी है. विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मदरौनी गेज स्टेशन पर शनिवार सुबह 6 बजे कोसी का जलस्तर 28.66 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बढ़ा है.
फिलहाल यह जलस्तर 30.48 मीटर के चेतावनी स्तर और 31.48 मीटर के खतरे के निशान से नीचे है. विभाग के अनुसार अभी कोसी का पानी तटबंध के तल तक नहीं पहुंचा है और तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है.
मानसून को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गंगा और कोसी दोनों नदियों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. मानसून के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
Bhagalpur News: क्या कहते हैं पुराने रिकॉर्ड?
बाढ़ नियंत्रण विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार मदरौनी में कोसी नदी का अब तक का सर्वाधिक जलस्तर 33.46 मीटर दर्ज किया गया है. वहीं इस्माईलपुर-बिंदटोली क्षेत्र में गंगा का सर्वाधिक जलस्तर 33.50 मीटर 17 अगस्त 2021 को रिकॉर्ड किया गया था.
फिलहाल दोनों नदियों का जलस्तर इन रिकॉर्ड स्तरों से काफी नीचे है, लेकिन लगातार बारिश के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.
इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी लागू, इस तारीख से शुरू होगा आवेदन, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
इसे भी पढ़ें: लालू प्रसाद यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, जांच के लिए पटना के IGIMS ले जाया गया, कल जाएंगे दिल्ली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










