सबौर में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त की हालत गंभीर. रात 11 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

मृतक की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Bhagalpur Road Accident: भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र में एक दुखद सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा तब हुआ जब वे मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है.
Bhagalpur Road Accident: भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा घोषपुर के समीप उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक से रानी तालाब से शंकरपुर की ओर जा रहे थे. अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े. सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) मायागंज भेजा, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया.
रात 11 बजे हुआ हादसा, पीछे से मारी जोरदार टक्कर
मृतक की पहचान रानी तालाब निवासी आशीष कुमार (पिता- फुच्चो मंडल) के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक प्रवीण कुमार का इलाज जारी है.
परिजनों के अनुसार दोनों युवक बुधवार रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से शंकरपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान घोषपुर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जेएलएनएमसीएच, मायागंज पहुंचाया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल प्रवीण कुमार की हालत नाजुक होने के कारण परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में मचा कोहराम
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद आशीष के परिजन मायागंज अस्पताल पहुंचे. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का कहना है कि आशीष परिवार का सहारा था और उसकी असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है.
अस्पताल परिसर में भी शोक का माहौल रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
Bhagalpur Road Accident:अज्ञात वाहन की तलाश जारी
सबौर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके.
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
लगातार हो रहे हिट एंड रन मामलों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त और यातायात निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










