भागलपुर में 15 साल बाद दूसरी बहन की भी संदिग्ध मौत, सौतेली मां पर टॉर्चर करने का लगा आरोप

सांकेतिक फोटो
Bihar News: बिहार के भागलपुर में एक लड़की की मौत संदिग्ध हालत में हो गयी. उसकी एक सगी बहन की मौत भी 15 साल पहले हुई थी. मृतका की मौसी ने सौतेली मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
भागलपुर के गोराडीह थाना क्षेत्र के चंपाचक गांव में दसवीं की एक छात्रा की मौत संदिग्ध स्थिति में हो गयी. मृतका की मां का निधन काफी पहले हो चुका था. पिता ने दूसरी शादी की थी और सौतेली मां के साथ ही घर में छात्रा भी रहती थी. छात्रा की मौत जिस दिन हुई उसी दिन उसकी सौतेली मां ने उसे डांटा-फटकारा था. कहा जा रहा उसके बाद किसी विषैले पदार्थ के खाने से उसकी जान गयी. करीब 15 साल पहले उसकी बहन की भी मौत संदिग्ध परिस्थिति में ही हुई थी.
सौतेली मां ने डांटा, छात्रा ने पी ली जहर
मृतका के चाचा ने बताया कि सुबह जब छात्रा ट्यूशन नहीं गयी तो उसकी सौतेली मां ने उसे डांट लगायी. इसके बाद उसकी मां बहियार चली गयी. इधर, आशंका है कि छात्रा ने गुस्से में विषैला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गयी. उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गयी.
मृतका की मौसी ने क्या कहा?
मृतका की मौसी बांका जिले के धोरैया में रहती है. जिन्होंने बताया कि सुबह छात्रा के सहेलियों ने उसे फोन करके घटना की सूचना दी. उसे बताया कि पास के ही बबुरा गांव में छात्रा का इलाज चल रहा है. वह जब वहां पहुंची तो बताया गया कि कुछ देर पहले ही छात्रा की मौत हो गयी. छात्रा की मौसी ने बताया कि इसके बाद सूचना पुलिस को दी गयी और पुलिस ने शव को बरामद करके पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
सौतेली मां पर आरोप, 15 साल पहले बहन की भी गयी थी जान
मृतका की मौसी ने आरोप लगाया कि छात्रा को उसकी सौतेली मां प्रताड़ित करती थी. करीब 15 साल पहले उसकी बहन के साथ भी यही हुआ था, ये आरोप भी लगाया. उसकी मौत भी संदेहास्पद स्थिति में ही हुई थी.
थानाध्यक्ष बोले…
इधर, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है. अबतक किसी पक्ष से कोई आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा. शुरुआती स्तर पर पुलिस ने मामले की छानबीन भी की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




