हर घर तिरंगा अभियान के तहत भागलपुर में निकली भव्य तिरंगा रैली

Updated:
विज्ञापन

तिरंगा रैली में शामिल जिलाधिकारी और स्कूली बच्चे. | Prabhat Khabar Network

भागलपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें स्कूली बच्चों और अधिकारियों ने देशभक्ति का संदेश दिया। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.

विज्ञापन

भागलपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को भागलपुर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई. कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, कलाकारों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

रैली का शुभारंभ सुबह आठ बजे समाहरणालय परिसर से जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय के नेतृत्व में हुआ. हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली रैली तिलकामांझी चौक स्थित तिलकामांझी की प्रतिमा तक पहुंची. इसके बाद रैली वापस समाहरणालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई.

अधिकारियों और विद्यार्थियों ने दिया एकता का संदेश

रैली में जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए. विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षकों व कलाकारों, किलकारी बिहार बाल भवन के कलाकारों और विद्यार्थियों समेत विभिन्न कला एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया.

प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया. रैली के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से वातावरण देशभक्तिमय बना रहा.

हर घर तिरंगा सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक

जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है. उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया.

चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

तिरंगा रैली के साथ समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में स्कूली बच्चों के लिए हर घर तिरंगा और स्वतंत्रता दिवस विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई. विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने चित्रों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के गौरव को उकेरा.

प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को उनके उत्साह और प्रतिभागिता के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव व्यक्त करने की अपील की. रैली और चित्रकला प्रतियोगिता ने भागलपुर में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देशभक्ति, कला, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता के रंग में रंग दिया.


विज्ञापन
संजीव झा

लेखक के बारे में

By संजीव झा

संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन