गंगा-कोसी उफान पर, इस्माईलपुर में चेतावनी स्तर के करीब पहुंचा पानी

Author Vipin Thakur|Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

गोपालपुर स्पर संख्या नौ के निकट गंगा नदी का जलस्तर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भागलपुर में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। इस्माईलपुर में गंगा चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंच गई है, प्रशासन की निगरानी जारी है.

विज्ञापन

गोपालपुर ( भागलपुर ) : गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि से नवगछिया अनुमंडल के तटवर्ती इलाकों में चिंता बढ़ने लगी है. बुधवार 12 अगस्त की सुबह छह बजे जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इस्माईलपुर-बिंदटोली में गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 15 सेंटीमीटर, राघोपुर में 23 सेंटीमीटर और मदरौनी में कोसी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़ा है. वहीं जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर स्थिर रहा.

विज्ञापन

इस्माईलपुर में चेतावनी स्तर से सिर्फ 2 सेंटीमीटर नीचे गंगा

इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-7 पर गंगा का जलस्तर 30.58 मीटर पहुंच गया है. यहां चेतावनी स्तर 30.60 मीटर है. यानी नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से महज दो सेंटीमीटर नीचे है. नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. हालांकि जल संसाधन विभाग ने तटबंध को फिलहाल सुरक्षित बताया है.

राघोपुर में 23 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर

राघोपुर में गंगा के जलस्तर में 24 घंटे के दौरान 23 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गयी है. यहां जलस्तर 31.68 मीटर पहुंच गया है. चेतावनी स्तर 32.68 मीटर और खतरे का स्तर 33.68 मीटर है. काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के विभिन्न हिस्सों में नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. विभाग के अनुसार तटबंध की स्थिति फिलहाल सुरक्षित है.

मदरौनी में कोसी 10 सेंटीमीटर बढ़ी

मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़कर 30.22 मीटर पहुंच गया है. यहां चेतावनी स्तर 30.48 मीटर है. यानी नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से 26 सेंटीमीटर नीचे है. नदी का पानी फिलहाल तटबंध के टो को नहीं छू रहा है और तटबंध सुरक्षित बताया गया है.

चोरहर में चेतावनी स्तर से ऊपर, जलस्तर स्थिर

जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर 30.85 मीटर पर स्थिर है. यहां चेतावनी स्तर 30.77 मीटर है. इस तरह जलस्तर चेतावनी स्तर से आठ सेंटीमीटर ऊपर है. बागजान जमींदारी बांध के विभिन्न स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. विभाग ने स्थिति को सुरक्षित और नियंत्रण में बताया है.

तटबंधों पर निगरानी जारी

चारों स्थानों की स्थिति को देखें तो इस्माईलपुर-बिंदटोली और राघोपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने सबसे अधिक चिंता बढ़ायी है. वहीं चोरहर में जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर होने के बावजूद स्थिर है. तटबंधों पर विभागीय निगरानी लगातार जारी है. कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन