शाहकुंड में तेज रफ्तार बाइक ने ली महिला की जान, आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रख किया हंगामा

Updated:
विज्ञापन
शाहकुंड में तेज रफ्तार बाइक ने ली महिला की जान, आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रख किया हंगामा

Bhagalpur Road Accident News : शाहकुंड में तेज रफ्तार बाइक का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया. घर के सामने टहल रही महिला को बाइक ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया.

विज्ञापन

शाहकुंड, भागलपुर से प्रवीण की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर जिले के शाहकुंड-अमरपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गयी. पचकठिया गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना से नाराज परिजनों ने शुक्रवार सुबह शव को सड़क पर रखकर बाइक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया.

घर के सामने घूम रही थी महिला

मृत महिला की पहचान पचकठिया गांव निवासी रौशन दास की 39 वर्षीय पत्नी हिंदु देवी के रूप में हुई है.परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात महिला घर के सामने सड़क किनारे घूम रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी.

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद परिजन घायल महिला को तत्काल शाहकुंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया.हालांकि परिजन महिला को एक निजी अस्पताल ले गये, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

बाइक छोड़कर फरार हुआ चालक

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि चालक पास के ही किसी गांव का रहने वाला है.घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

सड़क पर शव रखकर किया हंगामा

महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार सुबह शव को घर के सामने सड़क पर रख दिया और बाइक चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया.करीब आधे घंटे तक सड़क पर अफरातफरी का माहौल बना रहा और आवागमन प्रभावित हुआ.

पुलिस ने कराया मामला शांत

हंगामे की सूचना मिलते ही शाहकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर किसी तरह मामला शांत कराया.थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन