दिल्ली क्राइम: अशोक विहार में युवक की चाकू मारकर हत्या, महिला घायल; नाबालिग हिरासत में
जांच करती पुलिस, फोटो AI
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके में स्थित खिम्मन सिंह पार्क में कुछ अज्ञात युवकों के साथ हुए विवाद में 30 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक नाबालिग को पकड़ा है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले सुनील (30) के रूप में हुई है. घटना के समय सुनील अपनी परिचित देवकी (निवासी जहांगीरपुरी) के साथ पार्क में मौजूद था. इसी दौरान 3-4 अज्ञात लड़के वहां पहुंचे. किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक हो गई. हमलावरों में से एक ने सुनील और देवकी पर चाकू से हमला कर दिया. सुनील को शरीर पर कई जगह चाकू लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
बुधवार दोपहर करीब 3:33 बजे पुलिस को घटना की PCR कॉल मिली, जिसके तुरंत बाद भारत नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सुनील ने दम तोड़ दिया. हमले में घायल देवकी का इलाज जारी है.
भरत नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस ने बताया कि भरत नगर पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 378/2026 दर्ज किया गया है. यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत दर्ज किया गया है. मामले में एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है. फरार अन्य आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है, और मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए