भागलपुर में गुमटी नंबर 3 से आगे बिछेगी 600 मीटर नयी पटरी, रैक रखने की समस्या होगी दूर

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन को और बेहतर बनाने व रैक हैंडलिंग की क्षमता बढ़ाने के लिए रेलवे एक बड़ी योजना पर काम कर रहा है.
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट : भागलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन को और बेहतर बनाने व रैक हैंडलिंग की क्षमता बढ़ाने के लिए रेलवे एक बड़ी योजना पर काम कर रहा है. रेलवे गुमटी नंबर 1 से 3 तक 600 मीटर के दायरे में डबल लाइन बिछाने का काम पहले से ही तेजी से चल रहा है. अब इसके आगे, गुमटी नंबर 3 से और 600 मीटर आगे तक रेलवे की खाली जमीन पर दो नयी लाइनें बिछाने की तैयारी है.
भागलपुर स्टेशन के अफसरों को जिम्मेदारी
मुख्यालय और डिवीजन से हरी झंडी मिलने के बाद भागलपुर रेलवे स्टेशन के संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को इस काम की जिम्मेदारी सौंप दी गयी है. इस नयी लाइन के निर्माण के बाद इस पूरे ट्रैक की लंबाई बढ़कर 1200 मीटर हो जायेगी. योजना को धरातल पर उतारने के लिए एक से दो दिनों के भीतर सर्वे का काम शुरू कर दिया जायेगा.अतिक्रमण हटेगा, फिर से कब्जा रोकने के लिए होगी फेंसिंग
जिस 600 मीटर के नये हिस्से में पटरी बिछायी जानी है, वहां से अतिक्रमण हटाया जायेगा, ताकि काम में कोई बाधा न आये. इसके साथ ही, भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए रेलवे इस पूरे इलाके में फेंसिंग (घेराबंदी) का काम भी करेगा. आईओडब्ल्यू ओपी भगत ने बताया कि गुमटी नंबर 3 से आगे खाली पड़ी रेलवे की जमीन पर ही इस योजना के तहत पटरी बिछाने का काम किया जायेगा.
एक साथ खड़े हो सकेंगे चार ट्रेनों के रैक, प्लेटफॉर्म रहेंगे खाली
इस संटिंग लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद भागलपुर स्टेशन को बड़ी राहत मिलेगी. वाशिंग पिट में ट्रेनों की धुलाई और सफाई होने के बाद उनके रैक को इसी नयी संटिंग लाइन पर खड़ा करके रखा जा सकेगा. इस ट्रैक पर एक साथ चार ट्रेनों के रैक खड़े किये जा सकेंगे. वर्तमान में स्थिति यह है कि वाशिंग के बाद कई ट्रेनों के रैक घंटों तक प्लेटफॉर्म पर ही खड़े रहते हैं, जिससे दूसरे ट्रेनों के परिचालन में दिक्कत आती है. इस नयी पटरी के बिछ जाने के बाद रैक को प्लेटफॉर्म पर खड़ा रखने की मजबूरी खत्म होगी और यात्रियों व रेल प्रशासन दोनों को इस परेशानी से बड़ी राहत मिलेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव झा
संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










