मारवाड़ी कॉलेज सेंटर पर उत्तरपुस्तिका मामले में केस दर्ज, विभागाध्यक्षों के अलग-अलग दावे; जांच पर उठे सवाल

टीएमबीयू प्रशासनिक भवन
टीएमबीयू पीजी परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक और उत्तरपुस्तिका विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. मारवाड़ी कॉलेज परीक्षा केंद्र से जुड़े मामले में केस दर्ज होने के बाद जांच पर सवाल उठ रहे हैं. विभागाध्यक्षों के अलग-अलग दावों से मामला और उलझ गया है.
TMBU PG Exam Row: भागलपुर. टीएमबीयू की पीजी सेमेस्टर-2 परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक और उत्तरपुस्तिका विवाद के बीच मारवाड़ी कॉलेज परीक्षा केंद्र से जुड़े मामले ने नया मोड़ ले लिया है. केंद्राधीक्षक ने गणित विषय के कुछ छात्रों के खिलाफ कथित रूप से बाहर से लिखी उत्तरपुस्तिका मूल कॉपी में मिलाने के प्रयास के आरोप में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दूसरी ओर संबंधित विभागाध्यक्षों ने इन आरोपों पर अलग-अलग पक्ष रखे हैं.
गणित विभागाध्यक्ष ने छात्र से पूछताछ का किया दावा
पीजी गणित विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार साह ने बताया कि विश्वविद्यालय से मिले शोकॉज नोटिस का जवाब तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि संबंधित छात्र को विभाग में बुलाकर वीडियोग्राफी के बीच पूछताछ की गई. छात्र ने बताया कि उत्तरपुस्तिका बाहर से नहीं लाई गई थी, बल्कि परीक्षा के दौरान ही अतिरिक्त कॉपी ली गयी थी.
फिजिक्स विभागाध्यक्ष ने उठाए सवाल
पीजी फिजिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. सुदेश जायसवाल ने शोकॉज का जवाब विश्वविद्यालय को भेज दिया है. उन्होंने कहा कि विभाग ने 10 अप्रैल को ही प्रश्नपत्र सीलबंद कर परीक्षा विभाग को सौंप दिया था. उनके अनुसार प्रश्नपत्र की सुरक्षा और परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी परीक्षा विभाग की थी. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रश्नपत्र लीक हुआ है तो इसकी जवाबदेही परीक्षा विभाग की होनी चाहिए, न कि विभागाध्यक्षों की.
जवाब मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा ने बताया कि पीजी फिजिक्स विभागाध्यक्ष का जवाब प्राप्त हो चुका है, जबकि पीजी गणित विभागाध्यक्ष का जवाब अभी प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि सभी जवाब मिलने के बाद पूरे मामले को प्रभारी कुलपति के समक्ष भेजा जाएगा. वहां से प्राप्त निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
थाना पुलिस जांच में जुटी
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी ने बताया कि केंद्राधीक्षक की शिकायत के आधार पर संबंधित छात्रों के खिलाफ दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
जांच में देरी पर उठ रहे सवाल
TMBU PG Exam Row: मामले में जांच प्रक्रिया लंबी होने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं. छात्र और विभिन्न पक्ष यह जानना चाहते हैं कि जांच कब पूरी होगी और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आरफीन जुबैर
आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










