छात्र हत्याकांड में दो युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पूर्वी करगहिया आइटीआई मुहल्ले में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बेतिया. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पूर्वी करगहिया आइटीआई मुहल्ले में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पुलिस की देखरेख में किशोर का अंतिम संस्कार कराया गया. मृतक के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी युवकों मझौलिया थाना क्षेत्र के धोकराहां निवासी सरफराज आलम एवं मेराज आलम को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है. विदित हो कि मंगलवार की संध्या 6.30 बजे अपने घर से सामान लेने गये किशोर पूर्वी करगहिया अपने मामा के घर रह रहे नरकटियागंज के पांडेय टोला निवासी राजकिशोर दास के पुत्र दिव्यांशु कुमार सौरभ को चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया. परिजन उसे लेकर अस्पताल गये जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. जैसे हीं घटना की सूचना मिली लोग आक्रोशित हो गये और घटनास्थल पर पहुंच कोचिंग संस्थान सह लाइब्रेरी में आग लगा दी. जिससे काफी क्षति हुयी. घटना की जानकारी होते हीं पुलिस अधीक्षक डा. शौर्य सुमन एवं एसडीपीओ विवेक दीप समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने कोचिंग में छिपे दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि मझौलिया थाना क्षेत्र के धोकराहा निवासी सगे भाई सरफराज आलम (24) व मेराज आलम (20) को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के बाद पुलिस बुधवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दी है. मृतक के पिता राजकिशोर दास ने दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में बताया है कि उनका पुत्र दिव्यांशु कुमार पूर्वी करगहिया स्थित अपने आवास से थोड़ी दूरी पर स्थित आरडी सेंटर कोचिंग सेंटर के लाइब्रेरी में पढ़ता था. इंटर की परीक्षा देने के बाद वहां जाना छोड़ दिया था. मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे उसकी मां सामान लाने भेजी थी. पूर्व की दुश्मनी को लेकर साजिश के तहत दोनों सगे भाई सरफराज व मेराज ने चाकू मार दिया. उसने कोचिंग व लाइब्रेरी संचालक पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है. पुलिस ने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से इसकी जांच कर रही है. चाकूबाजी की घटना के बाद आसपास के लोग उग्र हो गए. पूर्वी करगहिया के कुछ युवकों ने पेट्रोल छिटककर कोचिंग संस्थान में आग लगा दी. एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया. आग लगने की सूचना पर तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया. फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. छात्र की चाकू मार हत्या की सूचना पर जांच के लिए घटनास्थल पर एसपी डा शौर्य सुमन पहुंचे. एसपी ने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. जांच के लिए स्वान दस्ता और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने गहराई से इसकी जांच की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




