सरकारी मदद का इंतजार नहीं, समाजसेवी ने अपने खर्च से बनवाई सड़क, ग्रामीणों ने की जमकर तारीफ

सड़क की मरम्मत कराते समाजसेवी
भोगाड़ी के एक समाजसेवी ने अपने निजी खर्च से जर्जर सड़क की मरम्मत कर मिसाल कायम की है. इस पहल से लंबे समय से खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है, खासकर बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी समाप्त हो गई है.
Bhogadi Road Repair: मझौलिया प्रखंड के भोगाड़ी वार्ड संख्या-21 से गढ़वा जाने वाले मुख्य मार्ग और गढ़वा से रमपुरवा नारा तक की जर्जर सड़क की मरम्मत कर एक समाजसेवी ने मिसाल पेश की है. भोगाड़ी निवासी साजिद आलम ने बिना किसी सरकारी सहायता के अपने निजी खर्च से सड़क पर राबिश और मिट्टी डलवाकर इसे फिर से आवागमन योग्य बनवा दिया.
इस पहल के बाद लंबे समय से खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है.
बरसात में सबसे ज्यादा होती थी परेशानी
स्थानीय ग्रामीण इम्तियाज ने बताया कि यह सड़क काफी समय से बदहाल थी. बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता था.
उन्होंने कहा कि यह मार्ग दो महत्वपूर्ण पंचायतों को जोड़ता है, इसलिए इसकी खराब स्थिति का असर रोजमर्रा की आवाजाही पर पड़ रहा था.
बच्चों की पढ़ाई भी हो रही थी प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार, जर्जर सड़क की वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी काफी परेशानी होती थी. बरसात के दिनों में कई बार रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता था.
ऐसे में सड़क की मरम्मत होने से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
निजी खर्च से कराया काम
साजिद आलम ने किसी सरकारी सहायता का इंतजार किए बिना अपने निजी संसाधनों से सड़क पर राबिश और मिट्टी डलवाकर मरम्मत का कार्य कराया.
स्थानीय लोगों ने इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया.
ग्रामीणों ने जताया आभार
समाजसेवी की इस पहल की शमीम आलम, शमशाद आलम, नेज़ामुद्दीन आलम, मुन्ना गद्दी, खलील गद्दी, रेयाज आलम, फैयाज आलम और साहब आलम सहित कई ग्रामीणों ने प्रशंसा की.
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की पहल समाज के अन्य लोगों को भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










