एमडीएम के भोजन में छिपकली गिरने से मची अफरा-तफरी, अभिभावकों ने किया विरोध प्रदर्शन

Published by : SATISH KUMAR Updated At : 16 Oct 2025 8:41 PM

विज्ञापन

शहर क्षेत्र अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पारस नगर में एक बड़ी अनहोनी होते-होते टल गयी.

विज्ञापन

बगहा. शहर क्षेत्र अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पारस नगर में एक बड़ी अनहोनी होते-होते टल गयी. विद्यालय में बच्चों के लिए लाए गए मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के एक बर्तन में छिपकली गिर गयी. जिससे बच्चों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया. मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय में पठन-पाठन कर रहे बच्चों ने एमडीएम के बर्तन में छिपकली देखी और तुरंत शोर मचाया. बच्चों ने भोजन करने से साफ इंकार कर दिया. बताया गया कि यह भोजन एक एनजीओ द्वारा उपलब्ध कराया गया था, जिसकी गुणवत्ता पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब बच्चों ने खाना खाने से मना किया तो विद्यालय की शिक्षिकाओं ने उन पर जबरन दबाव बनाना शुरू कर दिया. कुछ बच्चे डर के मारे विद्यालय छोड़कर अपने घर चले गए और अपने अभिभावकों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और विद्यालय प्रशासन से जवाब मांगने लगे. लेकिन प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षकों ने शुरू में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. इससे नाराज अभिभावकों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

शिक्षकों की लापरवाही उजागर

स्थानीय अभिभावक महेंद्र राम, करन चौधरी, बसंत राम, गम्हा राम, मराछ साहनी आदि ने आरोप लगाया कि विद्यालय में प्रधानाध्यापिका नीलम श्रीवास्तव की जगह अक्सर उनके पति ही विद्यालय के कार्यों का संचालन करते हैं. अन्य शिक्षक और शिक्षिकाएं भी नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहती. उनका कहना है कि सुबह केवल उपस्थिति बनाकर अधिकांश शिक्षिकाएं विद्यालय से गायब हो जाती हैं और दोबारा केवल हस्ताक्षर करने के समय लौटती हैं. घटना के दिन भी दोपहर 1:15 बजे विद्यालय परिसर में बच्चे खेल रहे थे, लेकिन कोई शिक्षक उन्हें कक्षा में भेजने की कोशिश नहीं कर रहा था.

बोली प्रधानाध्यापिका

इस बाबत प्रधानाध्यापिका नीलम श्रीवास्तव से पूछे जाने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि भोजन एनजीओ द्वारा सही तरीके से लाया गया था. लेकिन विद्यालय में रखे गए बर्तनों में से एक पर छिपकली आकर गिर गयी. बच्चों ने इसे देखकर भोजन करने से मना कर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि छिपकली भोजन के अंदर नहीं गिरी थी.

बोले बीइओ

वहीं प्रभारी बीइओ बगहा एक पुरण कुमार शर्मा ने बताया कि हमें कुछ स्थानीय लोगों द्वारा इसकी जानकारी मिली है. मामले की जांच की जाएगी और जो भी शिक्षक, शिक्षिका या रसोइया दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SATISH KUMAR

लेखक के बारे में

By SATISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन