रंगदारी और जमीन विवाद में हत्या की थी तैयारी, पुलिस ने रास्ते में दबोचे चार आरोपी

पुलिस हिरासत में अपराधी
नरकटियागंज में शिकारपुर पुलिस ने बड़ी वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए चार अपराधियों को दो पिस्टल और छह कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
Narkatiaganj News: नरकटियागंज में शिकारपुर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही उसे विफल करने का दावा किया है. पुलिस ने दो पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपित जमीन विवाद और रंगदारी से जुड़े मामले में अपने रास्ते का रोड़ा बन रहे एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रच रहे थे.
मामले में एक अन्य आरोपित मेहंदी हसन फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
गुप्त सूचना के बाद बिछाया गया जाल
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की शाम समकालीन अभियान के दौरान सूचना मिली कि लाल रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार दो युवक हथियार लेकर नरकटियागंज की ओर आ रहे हैं.
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बलथर मार्ग पर पोखरिया के पास घाघ पुल के समीप वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान स्कूटी सवार इरफान अंसारी और जफीर आलम, दोनों निवासी सिसई, को रोककर तलाशी ली गई.
तलाशी में मिले दो पिस्टल और छह कारतूस
तलाशी के दौरान इरफान अंसारी के पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए. वहीं जफीर आलम के पास से भी एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस मिले.
दोनों आरोपित हथियारों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सके.
पूछताछ में खुला हत्या की साजिश का राज
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि उन्हें ये हथियार मेहंदी हसन और अल्ताफ आलम उर्फ अल्ताफ मियां ने दिए थे. इन हथियारों को गिरोह के सरगना आकाश चौधरी तक पहुंचाया जाना था.
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश चौधरी और अल्ताफ आलम उर्फ अल्ताफ मियां को भी गिरफ्तार कर लिया. हालांकि मेहंदी हसन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की योजना की बात स्वीकार की है. जांच में गिरोह के जमीन विवाद और रंगदारी से जुड़े मामलों में सक्रिय होने की जानकारी भी सामने आई है.
एसडीपीओ ने क्या कहा?
एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दो पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना आकाश चौधरी है और उसका पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है.
गिरफ्तार चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं फरार मेहंदी हसन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










