नीट विरोध प्रदर्शन में बेतिया में बवाल, पथराव के बाद लाठीचार्ज, दो मकानों से 14 प्रदर्शनकारी हिरासत में

Updated:
विज्ञापन
फोटो05: मकान का घेराबंदी किये हुए सुरक्षाबल | Prabhat Khabar Network

मकान का घेराबंदी किये हुए सुरक्षाबल

बेतिया में नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आक्रोश मार्च हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज का प्रयोग किया. घटना के बाद 14 युवकों को हिरासत में लिया गया है.

विज्ञापन

Bettiah News: नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक के विरोध में शनिवार को छात्रों और विभिन्न युवा संगठनों की ओर से निकाला गया आक्रोश मार्च मोहर्रम चौक के पास हिंसक हो गया. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की और इस दौरान पुलिस पर पथराव किया. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया.

पथराव में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है. हालांकि पुलिस ने घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है.

एमजेके कॉलेज से शुरू हुआ था मार्च

प्रदर्शन की शुरुआत एमजेके कॉलेज परिसर से हुई थी. बड़ी संख्या में छात्र हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर निकले.

प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे.

बैरिकेडिंग पर बिगड़ा माहौल

प्रदर्शनकारियों का एक समूह शांतिपूर्वक समाहरणालय पहुंचकर लौट गया. वहीं दूसरा समूह उज्जैन टोला और महावत टोली होते हुए अशोक स्तंभ के पास पहुंचा, जहां पहले से बैरिकेडिंग की गई थी.

पुलिस के अनुसार, बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव शुरू हुआ. इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से हटाया.

प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से ही एमजेके कॉलेज, समाहरणालय और शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था.

दो मकानों की घेराबंदी, 14 युवक हिरासत में

पुलिस कार्रवाई के बाद कई प्रदर्शनकारी मोहर्रम चौक के पास स्थित दो मकानों में जाकर छिप गए.

सूचना मिलने पर एडीएम राजीव रंजन सिन्हा, एडीएम अनिल कुमार सिन्हा, एसडीएम विकास कुमार, एसडीपीओ अजीत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी, साइबर डीएसपी और डीएसपी रक्षित मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने दोनों मकानों की घेराबंदी कर लाउडस्पीकर से बाहर आने की अपील की. इसके बाद नगर निगम की सीढ़ीदार गाड़ी की मदद से पुलिस प्रथम तल तक पहुंची और तलाशी अभियान चलाया.

आईसीआईसीआई बैंक के ऊपर स्थित हिस्से से 14 युवकों को हिरासत में लेकर नगर थाना भेजा गया. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है.

डीएम और एसएसपी ने निकाला फ्लैग मार्च

घटना के बाद जिलाधिकारी तरनजोत सिंह और एसएसपी कुमार गौतम के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया.

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की.

एसएसपी ने क्या कहा?

एसएसपी कुमार गौतम ने कहा, "स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है. हिरासत में लिये गये युवकों का सत्यापन किया जा रहा है. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. जिलेवासियों से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें."

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
अवध किशोर तिवारी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन