18 मॉडल स्कूल, 8 डिग्री कॉलेज और 31 हजार आवेदनों का निपटारा... जानिए बेतिया में क्या-क्या बताया गया
कार्यक्रम में डीएम एवं अन्य लाभुक को पर्चा देते डीएम
बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने पर बेतिया में विकास योजनाओं का सीधा प्रसारण हुआ. DM ने जिले की उपलब्धियां गिनाईं, जिसमें 18 मॉडल स्कूल और 8 डिग्री कॉलेजों की शुरुआत शामिल है.
Government 100 Days Bettiah: बिहार सरकार के 'सेवा, संकल्प और समर्पण' के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय सभागार में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्यभर में ₹11,464 करोड़ की 2,476 विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन का लाइव प्रसारण दिखाया गया.
कार्यक्रम में जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
डीएम ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि पिछले 100 दिनों में पश्चिम चम्पारण ने शिक्षा, जनसेवा और विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं.
उन्होंने बताया कि जिले के सभी 18 प्रखंडों में मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं, जबकि आठ प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
सहयोग पोर्टल पर 31 हजार आवेदनों का हुआ निष्पादन
डीएम ने बताया कि सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल के माध्यम से जिले में करीब 34 हजार आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 31 हजार आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है.
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 38 जिलों में सबसे अधिक आवेदन पश्चिम चम्पारण से प्राप्त हुए हैं.
पेंशनधारियों को मिली राहत
जिला पदाधिकारी ने बताया कि पंचायत स्तर पर बायोमेट्रिक सुविधा उपलब्ध होने से जिले के लगभग 90 प्रतिशत पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है.
उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्गों और अन्य लाभुकों को काफी सुविधा मिली है.
179 लाभुकों को मिला बासगीत पर्चा
डीएम ने बताया कि वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेज दिया गया है.
कार्यक्रम के दौरान 179 लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा वितरित किया गया. वहीं समाहरणालय सभागार में 10 लाभुकों को जिला पदाधिकारी ने स्वयं पर्चा प्रदान किया.
इस अवसर पर पश्चिम चम्पारण की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए