ePaper

पूरी सुरक्षा की मांग पर अड़े मेडिकल छात्र, हुई बैठक

Updated at : 29 Jan 2026 8:34 PM (IST)
विज्ञापन
पूरी सुरक्षा की मांग पर अड़े मेडिकल छात्र, हुई बैठक

हाल के दिनों में जीएमसीएच के इंटर्न मेडिकल छात्रों के साथ हुई मारपीट और विवादों के बाद जीएमसीएच प्रशासन हरकत में आ गया है.

विज्ञापन

बेतिया. हाल के दिनों में जीएमसीएच के इंटर्न मेडिकल छात्रों के साथ हुई मारपीट और विवादों के बाद जीएमसीएच प्रशासन हरकत में आ गया है. इस दिशा में गुरुवार को अस्पताल प्रशासन व इंटर्न के बीच एक बैठक आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था के मुद्दे को उठाया गया. इंटर्न मेडिकल छात्रों ने कहा कि जब तक अस्पताल परिसर और छात्रावास में उन्हें पूरी सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक वे भयमुक्त होकर काम नहीं कर सकते. छात्रों का कहना था कि देर रात हॉस्टल के गेट पर धमकी देने, बाहर निकलने पर जान से मारने की चेतावनी और मारपीट की घटनाओं से उनका मनोबल टूट रहा है. इसके बावजूद वे मरीजों की सेवा में लगातार जुटे रहे, लेकिन अब सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाना जरूरी है. दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गहमागहमी के माहौल के बीच छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व आए दिन अस्पताल परिसर में घुसकर विवाद करते हैं, जिससे न सिर्फ इंटर्न बल्कि महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी असुरक्षित महसूस करते हैं. उन्होंने मांग की कि अस्पताल और हॉस्टल परिसर में 24 घंटे प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश पर सख्त जांच, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए. बैठक के बाद प्रभारी अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल की व्यवस्था में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने आश्वस्त किया कि इंटर्न छात्रों से मारपीट और विवाद करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अस्पताल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल मरीजों की सेवा का केंद्र है. सभी डॉक्टर मरीजों का इलाज सेवाभाव से करें. उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए निर्देश जारी किये गये हैं. अस्पताल परिसर, ओपीडी, इमरजेंसी और छात्रावास के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात होंगे. साथ ही, सुरक्षा एजेंसी को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस से समन्वय कर नियमित गश्ती भी कराई जाएगी. बैठक के अंत में इंटर्न छात्रों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के सख्त रुख और त्वरित कार्रवाई से जल्द ही अस्पताल में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बहाल होगा, जिससे वे बिना किसी डर के मरीजों की सेवा कर सकेंगे. बैठक में हड्डी विभाग के एचओडी डॉ राजीव कुमार, डॉ राजेश कुमार, डॉ मालविका कुमुद, डॉ अनिल कुमार, डॉ सुमित कुमार, डॉ सुधीर कुमार, अस्पताल प्रबंधक कुमार विशाल, प्रधान सहायक उदय कर्मकार सहित अन्य मौजूद रहे. सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत बेतिया. मोतिहारी-बेतिया मुख्य सड़क एनएच-727 में माधोपुर फार्म के समीप तेज रफ्तार बाइक ने 32 वर्षीय युवक को ठोकर मार दी. जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया था. इलाज के दौरान जीएमसीएच में गुरुवार को उसकी मौत हो गई. मृतक मझौलिया थाना के माधोपुर गांव निवासी इनरदेव राम का पुत्र प्रभु राम (32) बताया गया है. पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दी. परिजनों ने बताया कि 26 जनवरी को प्रभु राम अपने घर लौट रहे थे. इसी बीच माधोपुर फार्म के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने ठोकर मार दी. जिससे वे गंभीर रुप से जख्मी हो गए थे. परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से जीएमसीएच में भर्ती कराया था. जहां इलाज के दौरान मौत हो गई.

विज्ञापन
SATISH KUMAR

लेखक के बारे में

By SATISH KUMAR

SATISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन