आईएएस कुंदन कुमार का नया कमाल, 'पूर्णिया लाइव क्लासेस' अब 15 अगस्त से पूरे बिहार में होगा लागू

कुंदन कुमार, आईएएस | Prabhat Khabar Network
IAS कुंदन कुमार का एक और प्रशासनिक नवाचार, 'पूर्णिया लाइव क्लासेस', अब 'बिहार लाइव क्लासेस' के रूप में पूरे राज्य में लागू होगा. यह पहल सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देगी.
IAS Kundan Kumar: पश्चिम चम्पारण के तत्कालीन जिलाधिकारी रहे आईएएस कुंदन कुमार का एक और प्रशासनिक नवाचार अब पूरे बिहार में लागू होने जा रहा है. कोरोना काल में उनके द्वारा शुरू किया गया 'चनपटिया स्टार्टअप जोन' जहां रोजगार सृजन का देशव्यापी मॉडल बना था, वहीं पूर्णिया में उनके कार्यकाल के दौरान शुरू हुई 'पूर्णिया लाइव क्लासेस' को अब राज्य सरकार आगामी 15 अगस्त से 'बिहार लाइव क्लासेस' के रूप में पूरे राज्य में लागू करने जा रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस ऐतिहासिक पहल को बिहार के सभी सरकारी स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की आधिकारिक घोषणा की है.
चनपटिया मॉडल से बदला था प्रवासी मजदूरों का भाग्य
कोरोना महामारी के दौरान जब बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर पश्चिम चम्पारण लौटे, तब तत्कालीन डीएम सह पटना के मौजूदा डीएम कुंदन कुमार ने चनपटिया स्थित एफसीआई के खाली गोदामों को भव्य उद्यमिता केंद्र में बदल दिया. प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित इस स्टार्टअप जोन में रेडीमेड वस्त्र, स्कूल यूनिफॉर्म, बैग, जूते और खाद्य प्रसंस्करण सहित कई लघु उद्योग शुरू हुए. इससे सैकड़ों लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला और कई प्रवासी श्रमिक स्वयं मालिक बन गए. 31 दिसंबर 2020 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं चनपटिया का दौरा कर इसकी सराहना की थी. इस बेहतरीन नवाचार के लिए जिला प्रशासन को प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार भी मिला था.
पूर्णिया से शुरू हुआ डिजिटल शिक्षा का नया सफर
पश्चिम चम्पारण के बाद पूर्णिया में जिलाधिकारी रहते हुए कुंदन कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व क्रांति ला दी. उन्होंने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए 'पूर्णिया लाइव क्लासेस' की शुरुआत की, जिसमें अत्याधुनिक स्टूडियो से विशेषज्ञ शिक्षक सीधे लाइव पढ़ाई कराते हैं. इसके तहत विद्यार्थियों को रिकॉर्डेड लेक्चर, डाउट क्लास, साप्ताहिक टेस्ट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की शानदार सुविधा दी गई. इस डिजिटल मॉडल की भारी सफलता को देखते हुए सरकार इसे पूरे बिहार में विस्तार दे रही है.
दो बार प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से हो चुके हैं सम्मानित
2012 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार की पहचान हमेशा से नवाचार आधारित प्रशासनिक कार्यशैली के लिए रही है. इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले कुंदन कुमार पटना सदर के एसडीओ, नालंदा के डीडीसी, बांका, पश्चिम चम्पारण, पूर्णिया और वर्तमान में पटना के जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. रोजगार और शिक्षा जैसे दो अलग-अलग क्षेत्रों में उनके द्वारा विकसित किए गए अद्वितीय मॉडल अब बिहार सरकार की प्राथमिक नीतियों का मुख्य हिस्सा बन चुके हैं. इन्हीं शानदार प्रशासनिक नवाचारों के लिए कुंदन कुमार को दो बार प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.
ये भी पढ़ें: पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा स्कूल लाएंगे शिक्षा सेवक, विभाग ने जारी किया नया आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










