छात्र उपस्थिति से लेकर भोजन तक पर सवाल, मैनाटांड़ के सरकारी स्कूल की प्रधान शिक्षिका से स्पष्टीकरण तलब

प्रतीकात्मक तस्वीर
मैनाटांड़ प्रखंड के बैरिया प्राथमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका को मध्याह्न भोजन योजना समेत अन्य मदों में कथित अनियमितताओं को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया गया है. ग्रामीणों की शिकायत पर विभाग ने यह कार्रवाई की है.
Mainatand News: मैनाटांड़ प्रखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बैरिया की प्रधान शिक्षिका सुशांति दास से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना समेत अन्य मदों में कथित अनियमितताओं को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एमडीएम) कुमकुम पाठक ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर बिंदुवार जवाब देने का निर्देश दिया है.
शिकायत में लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए विभाग ने जवाब तलब किया है.
ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जारी पत्र के अनुसार, प्रमोद कुमार यादव एवं अन्य ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रतिवेदन में विद्यालय प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
शिकायत में वित्तीय राशि, सामग्री मद और समय मद से जुड़ी कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है.
एमडीएम योजना को लेकर भी लगे आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मध्याह्न भोजन योजना के तहत छात्र उपस्थिति पंजी में कथित रूप से छेड़छाड़ कर लाभार्थी छात्रों की संख्या बढ़ाई गई.
इसके अलावा मेन्यू के अनुरूप भोजन नहीं बनाए जाने और भोजन में उपयोग होने वाली सामग्री निर्धारित मात्रा से कम इस्तेमाल किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं.
दो दिन में साक्ष्य सहित देना होगा जवाब
डीपीओ (एमडीएम) ने प्रधान शिक्षिका को निर्देश दिया है कि शिकायत में लगाए गए प्रत्येक आरोप पर बिंदुवार और साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण दो दिनों के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराएं.
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जांच रिपोर्ट भी मांगी गई
डीपीओ ने प्रखंड एमडीएम प्रभारी को भी निर्देश दिया है कि वे संबंधित पत्र की तामिला सुनिश्चित कर स्वयं बिंदुवार जांच करें और अपनी रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराएं.
फिलहाल विभाग ने शिकायतों के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा है. मामले में अंतिम कार्रवाई जांच रिपोर्ट और प्रधान शिक्षिका के जवाब के बाद विभागीय प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










