गुरु पूर्णिमा पर देवराहा बाबा आश्रम में गुरु वंदना और विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने किया पूजन-अर्चन

आश्रम में जूटे श्रद्धालु देवराहा बाबा | Prabhat Khabar Network
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री देवराहा बाबा आश्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा. भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. गुरु चर्चा में जीवन के मूल्यों पर प्रकाश डाला गया.
देवराहा बाबा आश्रम: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को बेतिया स्थित श्री देवराहा बाबा आश्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा. आश्रम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में बेतिया, नरकटियागंज और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गुरुभाई और मातृशक्ति शामिल हुए. दिनभर भजन-कीर्तन, गुरु वंदना और सत्संग से पूरा आश्रम भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अभिषेक
कार्यक्रम की शुरुआत भजन-कीर्तन से हुई. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री देवराहा बाबा का दूध, दही, घी, मिश्री और अन्य पूजन सामग्रियों से विधिवत अभिषेक एवं पूजन किया गया. श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की.
गुरु चर्चा में बताए गए जीवन के मूल्य
अभिषेक के बाद आयोजित गुरु चर्चा में वक्ताओं ने श्री देवराहा बाबा के तप, त्याग और आध्यात्मिक संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला. अनिल कुमार सिन्हा और अनिल कुमार राय ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि गुरु के बताए सत्य, सेवा, सदाचार और ईश्वर-भक्ति के मार्ग को जीवन में अपनाने का अवसर है. उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया.
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
महोत्सव में आश्रम के वरिष्ठ गुरुभाई हरिशंकर शर्मा, अनिल कुमार सिन्हा, संजय कुमार गुप्ता, भगवान मल, ललन प्रसाद सोनी, राजेश कुमार गुप्ता, राजेंद्र राम और अजय कुमार सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे. नरकटियागंज से भी महेश सिंह 'अकेला', संजय कुमार गुप्ता और उनके परिवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया. आयोजन को सफल बनाने में अनिल कुमार सिन्हा, संजय कुमार गुप्ता और राजेश कुमार गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
भजन-कीर्तन के बाद हुआ विशाल भंडारा
गुरु चर्चा के बाद एक बार फिर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया. इसके पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. पूरे आयोजन के दौरान सेवा, अनुशासन और भक्तिभाव का अनूठा संगम देखने को मिला.
आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है आश्रम
आश्रम के वक्ताओं ने कहा कि श्री देवराहा बाबा आश्रम वर्षों से आध्यात्मिक चेतना, सत्संग, भजन-कीर्तन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. समय-समय पर यहां धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर समाज में नैतिक, आध्यात्मिक और मानवीय मूल्यों के प्रसार का कार्य किया जाता है.
यह भी पढ़ें: Sawan Special: सागर पोखरा के मनोकामना शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जानें क्या हैं तैयारियां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










