Bihar News: जंगल से आया, जबड़े में जकड़ा और उठा ले गया, बाघ के हमले से दहशत में लोग
Published by : Ashish Jha Updated At : 02 Oct 2025 7:53 AM
Bihar News: जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया. रात करीब 8 बजे किशुन का शव जंगल से बरामद किया गया.
Bihar News: बेतिया. बिहार के चंपारण इलाके में बाघ के हमले से एक किसान की मौत हो गयी है. इस घटना से गांव के लोगों में दहशत में है. बुधवार को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे मंगरुहा वन क्षेत्र के कैरी खेखरिया टोला गांव में एक बाघ देखा गया. जंगल से निकल कर आये इस बाघ ने गांव के ही 61 साल के किशुन महतो पर हमला कर दिया. किशुन कुछ चरवाहों के साथ अपने भैसों को चराने के लिए दोपहर पंडयी नदी के किनारे गए थे. शाम को करीब 5 बजे के आसपास बाघ ने अचानक उनपर हमला कर दिया. बाघ को देख आसपास के लोग वहां से भागने लगे. बाघ किसुन को अपने जबड़े में लेकर जंगल की ओर चला गया.
रात करीब 8 बजे मिला शव
सहमे डरे चरवाहों ने गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी. जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया. रात करीब 8 बजे किशुन का शव जंगल से बरामद किया गया. किशुन का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत पाया गया. बाघ ने उसके कई हिस्से चबा लिया था. शरीर पर कई गहरे जख्म थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा.
पूरी रात लाठी लेकर बैठे रहे लोग
किशुन महतो की मौत के बाद अब गांव में दहशत है. लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं. लोगों का कहना है कि बाघ फिर वापस गांव की ओर आ सकता है. बाघ के डर से आसपास के खेखरिया, महायोगीन, सोफा समेत कुछ अन्य गांवों में भी लोग दहशत में है. लोग यहां पूरी रात लाठी-डंडे लेकर अपनी सुरक्षा में लगे रहे. पुलिस ने बताया है कि किसुन के शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है. गांव के मुखिया की तरफ से बाघ के हमले की जानकारी पुलिस को दी गई थी. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










