बेतिया पहुंचेगे कृषि निदेशक, कृषि योजनाओं और उर्वरक व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

Updated:
विज्ञापन
कृषि निदेशक बेतिया दौरे पर: योजनाओं और उर्वरक पर समीक्षा

कृषि योजनाओं और उर्वरक व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

बिहार के कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल पश्चिम चंपारण के बेतिया का दौरा करेंगे. इस दौरान वे विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति और उर्वरक व्यवस्था की समीक्षा करेंगे. उनके दौरे को लेकर जिला कृषि विभाग में तैयारियां जोरों पर हैं.

विज्ञापन

बेतिया: बिहार के कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल शुक्रवार को पश्चिम चंपारण के दौरे पर रहेंगे. उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला कृषि विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कृषि निदेशक के आगमन से पहले जिले के विभिन्न प्रखंडों में उर्वरक दुकानों की सघन जांच कराई गई है और अधिकारियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं.

जिला कृषि कार्यालय में होगी समीक्षा बैठक

जारी कार्यक्रम के अनुसार कृषि निदेशक मोतिहारी परिसदन से प्रस्थान कर बेतिया पहुंचेंगे. यहां जिला कृषि कार्यालय में जिला कृषि पदाधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, उर्वरक उपलब्धता, बीज वितरण, किसानों को मिलने वाले लाभ और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी.

फील्ड निरीक्षण की भी संभावना

समीक्षा बैठक के बाद कृषि निदेशक के क्षेत्र भ्रमण का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है. संभावना है कि वे किसी प्रखंड में पहुंचकर उर्वरक दुकानों, कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का मौके पर निरीक्षण कर सकते हैं. हालांकि विभाग ने अब तक निरीक्षण स्थल की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.

उर्वरक दुकानों की हुई सघन जांच

कृषि निदेशक के संभावित निरीक्षण को देखते हुए गुरुवार को कई प्रखंडों में उर्वरक दुकानों की जांच की गई. इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, बिक्री पंजी, लाइसेंस और उर्वरकों की उपलब्धता का सत्यापन किया गया. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

पूरे दिन चलती रहीं तैयारियां

दौरे को लेकर गुरुवार को जिला कृषि कार्यालय में दिनभर तैयारियां चलती रहीं. सभी अधिकारियों और कर्मियों को विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट और प्रस्तुतीकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समीक्षा बैठक के दौरान सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके.

यह भी पढे़ं: बेतिया नगर निगम कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, पहले दिन सफाई व्यवस्था पर पड़ा असर


विज्ञापन
अवध किशोर तिवारी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन