बेतिया: कोर्ट में शराब पीकर गवाही देने पहुंचा SSB का जवान,जज ने पुलिस के हवाले कर दर्ज कराई FIR

कोर्ट में शराब पीकर गवाही देने पहुंचा SSB का जवान
Bettiah News: बेतिया कोर्ट में विदेशी नागरिक से जुड़े मामले में गवाही देने पहुंचे एसएसबी के सब इंस्पेक्टर शराब के नशे में धुत मिले. जज के आदेश पर पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट के बाद आरोपी जवान को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज की है.पढे़ं पूरी खबर…
मनोज राव की रिपोर्ट
Bettiah News: बेतिया व्यवहार न्यायालय से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. कोर्ट में शराब पीकर गवाही देने पहुंचे सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सब इंस्पेक्टर (सअनि) राजकुमार को एसीजेएम स्वाति दुबे ने गुरुवार को नगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया. कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अभियोजन पदाधिकारी चंदन कुमार के आवेदन को नगर थानाध्यक्ष को भेजकर आरोपी जवान के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान करने का सख्त निर्देश दिया है.
गवाही के दौरान मुंह से आ रही थी बदबू
यह पूरा वाकया मैनाटांड़ थाना कांड संख्या 213/2025 की सुनवाई के दौरान हुआ. अभियोजन पदाधिकारी ने बताया कि गुरुवार को उक्त मामले में सूचक और एसएसबी के सअनि राजकुमार अभियोजन साक्षी के रूप में कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराने पहुंचे थे. गवाही देने के दौरान उनके मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी. शक होने पर कोर्ट परिसर से ही नगर थाने की पुलिस को तुरंत सूचना देकर बुलाया गया. पुलिस ने जब ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जवान की जांच की, तो उसमें अल्कोहल पीने की पुष्टि हो गई. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
कोलंबियाई नागरिक की गिरफ्तारी से जुड़ा था मामला
विदित हो कि यह मामला 29 अक्टूबर वर्ष 2025 का है, जब बभनौली चेक पोस्ट के समीप एक कोलंबियाई नागरिक ऑस्कर अगस्तो को बिना वैध पासपोर्ट के भारतीय सीमा में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. सअनि राजकुमार ने ही उसे पकड़ा था और मैनाटांड़ पुलिस के हवाले करते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी. इसी हाई-प्रोफाइल मामले में राजकुमार मुख्य गवाह के तौर पर कोर्ट पहुंचे थे, जहां वे खुद शराब के नशे में पकड़ेगए. न्यायालय के आदेश पर नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










