Bagaha News: भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 25 May 2026 3:41 PM
भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
Bagaha News: भारत-नेपाल सीमा पर नवलपरासी में संयुक्त पुलिस टीम ने 600 एम्पुल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. भारतीय क्षेत्र से नेपाल में ड्रग्स की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी.पढ़ें पूरी खबर…
Bagaha News: भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है. वाल्मीकिनगर सीमा से सटे पड़ोसी देश नेपाल के नवलपरासी जिला में नेपाल पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन (ड्रग्स) के साथ एक तस्कर को दबोचा है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नवलपरासी जिला के रामग्राम नगरपालिका वार्ड नंबर आठ निवासी 38 वर्षीय राम मिलन केवट के रूप में की गई है. पुलिस ने उसके पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी व इंस्पेक्टर सोम दास ढकाल ने मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि रविवार की शाम ड्रग्स नियंत्रण ब्यूरो शाखा भैरहवा को एक गुप्त सूचना मिली थी. इनपुट था कि तस्करों द्वारा भारतीय सीमा क्षेत्र से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स अवैध तरीके से नेपाल में लाया जा रहा है. सूचना के आधार पर ड्रग्स नियंत्रण ब्यूरो और नेपाल पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन कर सीमावर्ती रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया.
डिक्की से निकले 600 नशीले इंजेक्शन
जांच के दौरान पुलिस टीम ने भारतीय सीमा क्षेत्र की तरफ से परासी की ओर आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (लू 26 प 4414) को रोका. जब मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली गई, तो पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए. डिक्की के अंदर छिपाकर रखे गए कुल 600 एम्पुल प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद हुए. इसमें डायजेपाम के 200 एम्पुल, फेनेरागन के 200 एम्पुल तथा बुप्रेनोफिन के 200 एम्पुल शामिल हैं. नेपाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है.
बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










