Bagaha: गंडक दियारा में आदमखोर तेंदुए का तांडव, अब तक 5 लोगों को किया लहूलुहान

तेंदुए की तस्वीर
Bagaha News: बगहा के पिपरासी में तेंदुए के हमले से अब तक पांच लोग घायल हो चुके हैं. बिहार और यूपी के सीमावर्ती गांवों में दहशत का माहौल है. वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुटी है, लेकिन तेंदुआ अब तक पकड़ से बाहर है. पढे़ं पूरी खबर…
Bagaha News: पश्चिम चम्पारण के पिपरासी प्रखंड सहित उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में तेंदुए के आतंक से हाहाकार मचा हुआ है. पिपरासी गंडक दियारा क्षेत्र में तेंदुए ने एक और व्यक्ति पर हमला कर दिया है, जिससे जख्मी होने वालों की कुल संख्या अब 5 पहुंच गई है. तेंदुए की चहलकदमी और हमलों से लोग इस कदर दहशत में हैं कि उन्होंने खेतों की ओर जाना बंद कर दिया है. रिहायशी इलाकों में तेंदुए के घूमने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
देर रात महिला और युवकों पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम पिपरासी पंचायत के मनिया छापर गांव में रबीना खातून (28) अपने दरवाजे पर बैठी थी, तभी अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया. रबीना के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. इसके कुछ ही देर बाद सौरहा पंचायत के भिलोरवा टोला निवासी धनमती देवी (65) और उन्हें अस्पताल ले जा रहे मनोज शर्मा (30) पर भी तेंदुए ने हमला कर लहूलुहान कर दिया. रबीना खातून की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
सीमावर्ती यूपी में भी तेंदुए का हमला
तेंदुआ केवल बिहार तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उसने सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के इलाके में भी एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया है. घायल व्यक्ति को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. वन विभाग की टीम पगमार्क (पंजों के निशान) के आधार पर तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है, लेकिन तेंदुआ अब भी पकड़ से बाहर है.
वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. मुखिया प्रेम मेहता और पूर्व उपप्रमुख विजय कुशवाहा सहित स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ कई महीनों से गांव के आसपास भटक रहा है, लेकिन विभाग ने कोई सार्थक पहल नहीं की. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तेंदुए को रेस्क्यू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे. फिलहाल, पिपरासी के मनिया छापर और सौरहा पंचायत में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं.
बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










