नौतन में जलभराव से खेती चौपट, कार्रवाई नहीं होने पर किसानों का फूटा गुस्सा

विरोध करते ग्रामीण, फोटो- प्रभात खबर
पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में पुलिया अवरुद्ध होने के कारण खेतों में पानी जमा है. दर्जनों एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई है. आक्रोशित किसानों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है.
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड के खड्डा मुसही गांव में पुलिया अवरुद्ध होने से बारिश का पानी खेतों से नहीं निकल पा रहा है. इसके कारण दर्जनों एकड़ में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई है. समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार सुबह प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई की मांग की.
पानी निकासी नहीं होने से फसल बर्बाद
किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया, लेकिन पुलिया बंद होने के कारण जल निकासी नहीं हो सकी. इससे वार्ड संख्या 5, 6 और 13 के किसानों की दर्जनों एकड़ धान की फसल डूब गई है. किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी नहीं निकाला गया तो पूरी फसल बर्बाद हो सकती है.
अंचलाधिकारी और बीडीओ को दिया था आवेदन
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले ही अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपा गया था. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसानों में आक्रोश है.
पुलिया पर अतिक्रमण का आरोप
किसान निजामुद्दीन मियां, अमीरी लाल, प्रभुनाथ गुप्ता, असगर अली, मुसर्रफ मियां और रामजी साह सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों पहले बनी सरकारी पुलिया को गांव के एक व्यक्ति ने घर बनाकर अवरुद्ध कर दिया है. इसी वजह से खेतों का पानी नहीं निकल पा रहा है. किसानों का यह भी आरोप है कि पुलिया खोलने की कोशिश करने पर कुछ लोग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन
इस मामले में अंचलाधिकारी अलका कुमारी ने कहा कि ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बेतिया में आज एक्शन मोड में रहेंगे डीएम, जनता की शिकायतों पर होगी सीधी सुनवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकुमार पासवान
राजकुमार पासवान वर्ष 2001 से पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. इन्होंने दस्यु सरगनाओं के आतंक, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई. वर्तमान में वे प्रभात खबर से संवाददाता के रूप में जुड़े हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










