बेतिया मंडल कारा में बवाल, विचाराधीन बंदी की पिटाई का आरोप, जेल अधीक्षक ने दी सफाई

Updated:
विज्ञापन
मंडल कारा बेतिया, फोटो- सोशल मीडिया

मंडल कारा बेतिया, फोटो- सोशल मीडिया

बेतिया मंडल कारा में भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत करने पर विचाराधीन बंदी की पिटाई का गंभीर आरोप लगा है. भूमि अधिकार कार्यकर्ता ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है. जेल अधीक्षक ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है.

विज्ञापन

Bettiah Jail News: पश्चिम चंपारण के बेतिया मंडल कारा में विचाराधीन बंदी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है. भूमि अधिकार कार्यकर्ता एवं जेपी सेनानी पंकज ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जेल अधीक्षक समेत संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है. वहीं, जेल अधीक्षक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है.

भोजन की शिकायत के बाद मारपीट का आरोप

डीएम को दिए आवेदन में पंकज ने आरोप लगाया है कि 15 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे मंडल कारा में बंदियों के बीच भोजन का वितरण हो रहा था. इसी दौरान विचाराधीन बंदी अमर राम ने भोजन लेने के बाद जेल अधीक्षक से सब्जी की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की. आरोप है कि बंदी ने सब्जी के नाम पर पानी जैसा भोजन दिए जाने की बात कही.

जेल अधीक्षक, जमादार और सिपाही पर आरोप

आवेदन के अनुसार, शिकायत सुनने के बाद जेल अधीक्षक ने कथित तौर पर अपना आपा खो दिया और बंदी के साथ मारपीट की. आरोप है कि मौके पर मौजूद जमादार अनुज और सिपाही बाबूलाल ने भी बंदी की पिटाई की.

भोजन की गुणवत्ता की जांच की भी मांग

पंकज ने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ मंडल कारा में बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

जेल अधीक्षक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

उधर, मंडल कारा के अधीक्षक संजय कुमार ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और ऐसी कोई घटना नहीं हुई है. फिलहाल, मामले में प्रशासन की ओर से जांच को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है.

यह भी पढ़ें: बेतिया में आज एक्शन मोड में रहेंगे डीएम, जनता की शिकायतों पर होगी सीधी सुनवाई


विज्ञापन
गणेश वर्मा

लेखक के बारे में

By गणेश वर्मा

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन