बेगूसराय NH-28 किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, तेघड़ा में सनसनी; सड़क हादसे की आशंका

सांकेतिक तस्वीर
बेगूसराय के तेघड़ा में NH-28 पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई है. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया सड़क हादसे की आशंका जताई जा रही है.
Teghra Unknown Dead Body Begusarai : बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 पर गौरा मरसैती के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी है.
Begusarai News : सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव
स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल डायल-112 और तेघड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पहचान में जुटी पुलिस
तेघड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी रणवीर रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया गया.
सड़क हादसे की आशंका, सभी पहलुओं की जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार मृत युवक पिछले कई महीनों से अर्धविक्षिप्त अवस्था में आसपास के गांवों में घूमता दिखाई देता था. हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है.
पहचान नहीं होने पर शवगृह में रखा जाएगा
थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत होती है और वह फूल पैंट व शर्ट पहने हुए था. पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए बेगूसराय शवगृह में सुरक्षित रखा जाएगा. निर्धारित समय तक पहचान नहीं होने पर नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया जाएगा. पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










