बेगूसराय के खोदावंदपुर में महिला से 49,500 रुपये की छिनतई, बाइक सवार दो अपराधी फरार

Updated:
विज्ञापन

पीड़ित महिला निभा देवी

Begusarai News : बेगूसराय के खोदावंदपुर में बाइक सवार अपराधियों ने महिला से 49,500 रुपये से भरा बैग लूटा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Begusarai News : खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के सागी चौक के समीप गुरुवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला से 49,500 रुपये से भरा बैग झपट्टा मारकर छीन लिया. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से रोसड़ा की ओर फरार हो गये. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही थी महिला

घटना गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे सागी चौक से लगभग 200 मीटर पूरब ग्रामीण सड़क पर हुई. पीड़िता की पहचान समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के बटहा गांव निवासी मनीष राम की पत्नी निभा कुमारी के रूप में हुई है. पीड़िता ने बताया कि वह गुरुवार को रोसड़ा स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 49,500 रुपये निकालकर ऑटो से सागी चौक पहुंची थी. ऑटो से उतरने के बाद वह पैदल अपने घर बटहा की ओर जा रही थी. इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से रुपये वाला बैग छीन लिया और रोसड़ा की ओर फरार हो गये.

शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण, डायल-112 को दी सूचना

घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल-112 को दी. इसके बाद पीड़िता ने खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को घटना की जानकारी दी. थानाध्यक्ष के निर्देश पर महिला शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंची.

सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी है.

लगातार हो रही छिनतई से राहगीरों में भय

स्थानीय लोगों के अनुसार, खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में राहगीरों, खासकर महिलाओं से छिनतई की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इससे लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी नारायणपुर ढाला, बाड़ा व्यापार मंडल, बरियारपुर पश्चिमी और मेघौल धर्मगाछी चौक के समीप एसएच-55 पर महिलाओं से आभूषण एवं अन्य सामान झपटने की घटनाएं हो चुकी हैं.

गश्ती बढ़ाने और पूर्व की घटनाओं में कार्रवाई की मांग

लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने की मांग की है. लोगों ने पूर्व की घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है, ताकि राहगीरों और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके.

Also Read : नवादा के गोविंदपुर में संत रविदास की 650वीं जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा


विज्ञापन
Rajesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rajesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन