बारात से लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों की सड़क दुर्घटना में गयी जान, एक जख्मी

सोमवार की अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.
चेरियाबरियारपुर. सोमवार की अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. उक्त दुर्घटना स्टेट हाइवे- 55 पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप रात्रि के लगभग साढ़े तीन बजे के आसपास घटी है. बताया जा रहा है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीनों युवक बारात से वापस घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार के कारण विपरीत दिशा से आ रहे वाहन से चकमा खाकर सड़क किनारे रखे ईंट के ढेर से टकरा गये. मृतकों की पहचान खांजहांपुर पंचायत के वार्ड नंबर-08 निवासी राजो रजक के लगभग 20 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार एवं रामाश्रय यादव के 18 वर्षीय पुत्र रणवीर कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक इसी मुहल्ले के स्व धर्मदेव महतो का लगभग 20 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार है. बताया जा रहा है खांजहांपुर निवासी उपेंद्र रजक के पुत्र नवीन रजक की शादी थी. तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बारात चेरियाबरियापुर गये थे. बारात से वापसी के क्रम में तेज रफ्तार के कारण बाइक पर संतुलन नहीं बना पाया तथा पंचमुखी मंदिर के समीप सड़क किनारे रखे ईंट के ढेर से टक्कर हो गयी, जिसमें तीनों बाइक सहित दूर सड़क पर जा गिरे. दुर्घटना की सूचना मिलते ही चेरियाबरियारपुर थाना में तैनात डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा तीनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां दो युवक कृष्णा कुमार एवं रणवीर कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि जख्मी प्रिंस का इलाज शुरू किया गया. साथ ही पुलिस ने प्रिंस के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी, तो सभी के परिजन अस्पताल पहुंचे. उसके बाद दोनों शवों काे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया. जख्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. पांच बहनों का दुलारा मां-बाप का इकलौता बेटा था रणवीर : भीषण सड़क दुर्घटना ने शादी-विवाह के माहौल को मातमी वातावरण में तब्दील कर दिया है. हादसे के बाद खांजहांपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा गया है. एक साथ मुहल्ले से जब दो अर्थियां उठीं, तो मानों पूरा मुहल्ला रो पड़ा. अर्थी जुलूस में शामिल लोगों के साथ सभी मुहल्लावासियों की भी आंखें नम दिखीं. बताया जा रहा है पांच भाई-बहनों के बाद रणवीर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसके परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया है. रणवीर की मां और बहनें दहाड़ मारकर रो रही थीं. उसके चीत्कार से मौजूद वहां हर किसी आंखें छलक जा रही थीं. परिजनों के अनुसार कृष्णा बाइक चला रहा था, जबकि रणवीर और प्रिंस उस पर बैठे थे. फिलहाल घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि तीनों के एक ही मुहल्ले के होने के कारण सन्नाटा पसरा हुआ है. वहीं पंचायत के मुखिया ज्ञानकला सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद महतो सहित कई जनप्रतिनिधि घर पहुंच परिजनों को ढांढस बंधाते हुए सांत्वना देने में लगे हैं. मुखिया ने कबीर अंत्येष्टि के तहत मिलने वाली राशि परिजन को दी. उन्होंने आपदा के तहत राहत कोष से मिलने वाली पांच-पांच लाख रुपये की राशि दिलवाने का आश्वासन दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




